राजेश सोनी
सूरजपुर. चैत्र नवरात्र पर बुधवार को सुबह से ही देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के प्रमुख मंदिरों के बाहर सुबह से भक्तों की लंबी लाइन दर्शन के लिए लगनी शुरू हो गई। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठे। घरों में भी कलश स्थापना कर देवी मां की पूजा अर्चना किया गया। नगर समेत ग्रामीण अंचलों में नव संवत्सर की शुरुआत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई। घर में तय मुहूर्त पर विधि विधान के साथ कलश स्थापना की गई। नगर क्षेत्र के महामाया मंदिर, शीतला मंदिर, मंदिर पारा स्थित दुर्गा मंदिर, कुदरगढ़ धाम समेत ग्रामीण अंचल के मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। इस बार नवरात्रि में देवी मां दुर्गा अपने प्रिय भक्तों के यहां नौका पर सवार होकर आईं। नवरात्रि की समाप्ति पर गज हाथी पर सवार होकर देवलोक को वापस जाएंगी। कलश को सुख समृद्धि, ऐश्वर्य देने वाला तथा मंगलकारी माना जाता है।