सूरजपुर. छत्तीसगढ़ में उजागर हुए 2000 करोड़ के शराब घोटाले को लेकर कांग्रेस सरकार के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी ने जिला स्तरीय महाधरना दिया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर जमकर प्रहार किए। छत्तीसगढ़ के मेहनतकश निवासियों के हिस्से का धन घोटालों के जरिये लूटने का आरोप कांग्रेस की सरकार पर लगाया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से इस्तीफे की मांग की। नगर के अग्रसेन चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलास्तरीय महाधरना में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार घोटालों की सरकार है। 2000 करोड़ का उजागर शराब घोटाला इसकी गवाही दे रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को नैतिकता के आधार पर अविलंब इस्तीफा देना चाहिये। श्री पैकरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में छत्तीसगढ़ में विकास अवरूद्ध है, जनता भयभीत है, कानून व्यवस्था हाशिये पर है और भूपेश सरकार भष्ट्राचार के काले कारनामों में लिप्त है। ईडी की कार्रवाही से सामने आये 2000 करोड़ के घोटाले को लेकर भाजपा आमजनता के बीच जा रही है। ऐसी भ्रष्ट सरकार को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है। भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि शराब के महाघोटाले से प्रदेश सरकार की असलियत जनता के सामने आ गयी है। सत्ता के संरक्षण के बिना सरकार की नाक के नीचे इतना बड़ा घोटाला नहीं हो सकता। 2000 करोड़ के शराब घोटाले का भंडाफोड़ होने के बाद मुख्यमंत्री श्री बघेल को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिये। उन्होंने कहा कि कोयला, रेत, ज़मीन, राशन के बाद अब 2000 करोड़ के शराब घोटाले ने कांग्रेस के राजनीति चरित्र को जगजाहिर कर दिया है। इसी तरह ही डीएमएफ घोटाले में भी बंदरबांट हुई थी और खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मर काम विधानसभा में इसका खुलासा कर चुके हैं ।भाजपा जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की सरकार ही करोड़ों के शराब घोटाले में संलिप्त है, जैसा कि ईडी की कार्यवाही से सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य के विकास व जनता के स्वास्थ्य, शिक्षा, अन्य सुविधाओं का पैसा घोटालों की भेंट चढ़ रहा है। प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिये। महाधरना को वरिष्ठ भाजपा नेता भीमसेन अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकृपाल साहू जिलाउपाध्यक्ष भूलन सिंह, पुष्पा सिंह,अनूप सिन्हा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रविन्द्र भारती ने भी संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या मे भाजपा भाजयुमो व महिला मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।