ब्रेकिंग

अधिक मजदूरी का झांसा देकर ले जाया गया मजदूर 22 दिन से लापता, कलेक्टर जनदर्शन में पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

नीट परीक्षा और जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में NSUI का उग्र प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला फूंका

मिट्टी का मकान गिरा, और नगर पालिका का अमला ‘जल-क्रीड़ा’ देख लौट आया!

विकास की रफ्तार और कंधे पर बाइक: चांदनी-बिहारपुर का 'बाहुबली' सफर

सूरजपुर का नया ‘वाटरपार्क’: लोक निर्माण विभाग ने रिंग रोड को बनाया ‘तालाब-ए-खास’

सूचना

न्याय की गुहार : अधिक मजदूरी का झांसा देकर ले जाया गया मजदूर 22 दिन से लापता, कलेक्टर जनदर्शन में पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

Pappu Jayswal

Wed, Jul 22, 2026

बिहारपुर। ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली के निवासी 26 वर्षीय मजदूर भैयालाल अगरिया के पिछले 22 दिनों सेरहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि बलरामपुर जिले के ग्राम बलंगी निवासी एक युवक उन्हें अधिक मजदूरी का लालच देकर उत्तर प्रदेश के मथुरा ले गया था, जहां पहुंचने के महज दो दिन बाद वह अचानक गायब हो गए। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य के लापता होने से घर में भुखमरी और कंगाली के बादल छा गए हैं, वहीं पीड़ित पत्नी अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर दफ्तरों के चक्कर काटने को विवश है।

​मंगलवार को पीड़िता श्रीदेवी अगरिया ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर जनदर्शन में एक लिखित आवेदन सौंपा। इसमें उन्होंने अपने पति की सकुशल बरामदगी, पूरे प्रकरण की गहराई से जांच और घटना के पीछे जिम्मेदार संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​3 जुलाई को आया था आखिरी फोन

​दिए गए आवेदन के अनुसार, बलंगी निवासी युवक भैयालाल को 1 जुलाई को बेहतर रोजगार और अधिक कमाई का सपना दिखाकर अपने साथ मथुरा ले गया था। इसके बाद 3 जुलाई को भैयालाल ने अपने मोबाइल से परिजनों को फोन कर सुरक्षित वहां पहुंचने की जानकारी दी थी।

​परिजनों के मुताबिक, उसी दिन कुछ समय बाद बलंगी निवासी अनिल कुमार देवांगन ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि भैयालाल अचानक लापता हो गए हैं और उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। इस सूचना के बाद से ही परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा है, लेकिन 22 दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

​परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

​भैयालाल अगरिया अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। उनके इस तरह अचानक गायब हो जाने से उनकी पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल है और वह न्याय पाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार चक्कर काट रही है।

​पुलिस प्रशासन का पक्ष

​चांदनी थाना प्रभारी राम प्रताप साहू ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। लापता मजदूर की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है और पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

बड़ा सवाल: आखिर मथुरा पहुंचने के ठीक बाद भैयालाल के साथ क्या अनहोनी हुई? क्या यह महज एक साधारण गुमशुदगी का मामला है या इसके पीछे मानव तस्करी या किसी बड़ी साजिश का हाथ है? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें