: स्कूलों में बच्चों के सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर
Thu, Jul 18, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। जिसमें जिले के सभी शासकीय विद्यालयों की स्थिति, बच्चों की नियमित उपस्थिति, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के साथ अन्य विषयों पर बिंदुवार चर्चा हुई। साथ ही बैठक में शिक्षक व विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश भी कलेक्टर ने दिया। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को सभी विद्यालयों के औचक निरीक्षण करने एवं हर 15 दिन में विद्यालय का मूल्यांकन करने के लिए निर्देशित किया साथ ही कलेक्टर ने कक्षा 8वीं से 10वीं के विद्यार्थियों में स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति के लेकर खास ध्यान देने की बात कही।बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने सभी शासकीय स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।इसके लिए उन्होंने स्कूलों में बच्चों एवं शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बच्चों के पढ़ाई के स्तर को सतत ट्रैक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के चिन्हांकन के निर्देश करने को कहा। साथ ही ऐसे बच्चे जिनका अटेंडेंस कम है, उनकी सूची तैयार कर उनके पालकों से संपर्क करने एवं काउंसलिंग करने के निर्देश उपस्थित सभी बीईओ को दिये गये ताकि उनमें शिक्षा का स्तर बेहतर हो सके। इसके अलावा श्री व्यास ने स्कूलों में नवाचार करने पर जोर देते हुए विद्यार्थियों के कम्युनिकेशन स्किल, प्रेजेंटेशन स्किल के विकास के लिए विशेष रूप से ध्यान देते की बात कही ताकि स्कूली विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार किया जा सके। बच्चों में लीडरशीप क्वालिटी एवं कम्युनिकेशन को बेहतर करने के लिए स्कूलों में होने वाली प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को कविता पाठ, सुविचार कथन, सामान्य अध्ययन की जानकारी, दैनिक समाचार के प्रमुख बिंदुओं से परिचय जैसी गतिविधियों से जोड़ने एवं बालसभा ,बालकेबिनेट जैसी पहल करने की अवश्यकता बताई। जिसमें रोटेशन पॉलिसी के अनुसार स्कूल के बच्चे उक्त गतिविधियां स्कूल सभा के समक्ष प्रस्तुत करेगा। इससे न केवल विद्यार्थी का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि उसमे लगातार सकारात्मक बदलाव भी आएगा । इसके अलावा शाला प्रवेश उत्सव, गणवेश वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, स्कूलों में मध्यान्न भोजन शेड व्यवस्था ,किचेन गार्डन एवं उपस्थित संबंधी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। इसके साथ ही बैठक में पीएम श्री स्कूल, कक्षा पहली से पांचवी तक के बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना इत्यादि पर भी चर्चा की गई। बच्चों के स्कूल छोड़ने की मॉनिटरिंग करने एवं बाल विवाह के नुकसान से बच्चो को अवगत कराने के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही करने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कहा। बच्चों की सुरक्षा पर चर्चा करते कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि सभी अधिकारी विशेष ध्यान रखें कि बच्चे स्कूल संचालन अवधि में स्कूल परिसर से बाहर न जाएं। साथ ही शिक्षा विभाग यह भी ध्यान रखे कि स्कूल बाउंड्री वॉल से 100 मीटर की दूरी तक कोई भी पान, गुटखा जैसी सामग्री का विक्रय प्रतिबंधित हो। कलेक्टर ने आरटीई के तहत प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन लिए बच्चों का मेंटरशिप भी महीने में एक बार करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल, सभी बीईओ व अन्य संबंधी अधिकारी उपस्थित थे।
: शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का निरीक्षण...
Thu, Jul 18, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
कलेक्टर रोहित व्यास ने शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बसदेई में चल रहे मत्स्य बीज उत्पादन कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य बीज उत्पादन हेतु बनाई गई हैचरी एवं हैचरी में विभिन्न चरणों में अपनाई जा रही प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मत्स्यबीज उत्पादन हेतु बनाए गए तालाब का अवलोकन करते हुए उत्पादित की जाने वाली विभिन्न प्रजाति की मछलियों की जानकारी ली। इस दौरान सहायक संचालक मछली पालन एम एस सोनवानी, द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 हेतु 350 लाख स्पॉन मत्स्य बीज, एवं 80 लाख स्टैंडर्ड फ्राई मत्स्य बीज का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विपक्ष में अब तक कुल 130 लाख स्पॉन का उत्पादन करा लिया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के मत्स्य कृषकों को अगले माह अगस्त से मत्स्य बीज उपलब्ध हो जाएगा । इसके अलावा कलेक्टर श्री व्यास के द्वारा प्रक्षेत्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण कार्य भी किया गया। इस दौरान प्रक्षेत्र प्रभारी सुधाकर बिसेन(ए एफ ओ), छोटेलाल तिर्की मत्स्य जमादार, सतीश तिग्गा मछुआ चौकीदार, सहयोगी शंखलाल गौतम तिलेश्वर, जगदीश, बरेलाल, खेलसाय, लिखन एवं शिव उपस्थित रहे।
: स्वास्थ अधिकारी बर्खास्त, लगातार रहती थी गायब...
Tue, Jul 16, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
सामुदायिक स्वास्थ अधिकारी के कार्यक्षेत्र में बिना बताये लगातार गायब रहने पर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बर्खास्त कर दिया है मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह ने बताया कि श्रीमती अपर्णा साहू सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कसकेला पदस्थ थी जो 28 फरवरी से 12 जुलाई 2024 तक लगातार अनुपस्थित थी जिसके कारण उनकी सेवा समाप्त कर दी गई। उनकी लगातार अनुपस्थिति पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी सूरजपुर डॉ० प्रशांत सिंह ने स्पष्टीकरण सहित कार्य पर उपस्थित होने हेतु कई बार नोटिस दिया गया परंतु उनके द्वारा पत्र का जवाब नहीं दिया गया। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सूरजपुर के द्वारा भी अनुपस्थित रहने का कारण सहित जिला कार्यालय में अपनी उपस्थिति देने हेतु पत्र दिया गया था। परंतु उनके द्वारा नियत तिथि तक पत्र का जवाब के उपस्थिति नहीं दी गई। पूर्व में भी श्रीमती अपर्णा साहू के द्वारा कई बार उक्त कृत्य किये जाने पर पत्र जारी करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा समझाईस देते हुए अंतिम चेतावनी दी गई थी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ मानव संसाधन नीति 2018 के कण्डिका 34.7 के तहत श्रीमती साहू की सेवा समाप्त की गई है। गौरतलब है कि कार्य पर लापरवाही बरतने वाले अन्य स्वास्थ्य अधिकारी / कर्मचारियों की सूची मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों से तत्काल मंगाई गई है।