: युवती का अधजला अवस्था में मिला शव...हत्या की आशंका,पुलिस जाँच में जुटी...
Sat, Dec 2, 2023
सूरजपुर. सरगुजा जिले से लगे सूरजपुर जिला के तारा चौकी के जर्नादनपुर के जंगल में लगभग 20 से 25 वर्षीय युवती का शव अधजली अवस्था में मिला है। तारा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह जंगल की ओर गये ग्रामीणों ने पुलिस चौकी में सुबह 9 बजे करीब सूचना दी कि एक युवती का अधजली अवस्था में जंगल किनारे शव पड़ा हुआ है। सूचना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देकर मौके पर पहुची पुलिस जांच में जुट गई है साथ ही स्थानीय नागरिकों व नजदीक के थाना व चौकी में संपर्क कर युवती की पहचान की कोशिश की गई. अभी तक युवती का शिनाख्त नहीं हो सका है। इसके लिए पुलिस सोशल मिडिया के माध्यम से भी युवती का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना साल्ही पुल स्थित अदानी के रेलवे ट्रैक बगल में स्थित जर्नादनपुर जंगल का है जहां सूचना पर फोंरेसिक एक्सपर्ट , एसडीओपी प्रेमनगर , प्रशिक्षु डी.एस.पी.स्निग्धा, थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे, डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई है। बताया जा रहा है कि युवती के हाथ में गोदना में मंतोषि लिखा गया है। कान में तीन तीन लेयर का छेद हैं। गले में दुर्गा जी का लॉकेट पहनी हुई है पिंक क्लर का जूता स्क्रीम क्लर का पैजामा एवं लाल क्लर का कुर्ता , हाथ में अंगुठी नग वाला एव कुल्हे में दाद टाईप का जख्म का निशाना हैं। पैर में मौजा पहनी हुई है। तारा पुलिस युवती की शिनाख्ती का भरपूर कोशिश कर रही है। फ़िलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और युवती का शिनाख्त होने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पायेगा। बहरहाल जंगल में इस तरह से अधजली अवस्था में युवती का शव मिलने से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। जलाकर मारने जैसी घटना जंगल क्षेत्र में होने से क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने अलग अलग प्रतिक्रिया व्यक्त की है तथा जल्द से जल्द अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
: नेशनल लोक अदालत का आयोजन 16 दिसंबर को...
Fri, Dec 1, 2023
सूरजपुर.
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में जिला न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गोविंद नारायण जांगडे के द्वारा 16 दिसंबर 2023 दिन शनिवार को जिला न्यायालय सूरजपुर, कुटुम्ब न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर एवं जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों में हाइब्रिड नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा। उक्त नेशनल लोक अदालत में वर्चुअल एवं फिजिकल दोनों ही माध्यम से प्रकरणों की सुनवाई की जायेगी। इस नेशनल लोक अदालत में न्यायालय मे लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक मामले, मोटर दुर्घटना दावा मामले, परिवारिक मामले, राजस्व मामले व अन्य राजीनामा योग्य मामले तथा बैंक ऋण, विद्युत, जल के बकाया देयकों का प्री लिटिगेशन मामलों को हाइब्रिड नेशनल लोक अदालत में रखे जायेगें। मामलों की सुनवाई के लिए जिला न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर, कुटुम्ब न्यायालय सूरजपुर में सुनवाई हेतु खंडपीठ का गठन किया जायेगा। वहीं राजस्व विभागों के मामलों की सुनवाई राजस्व न्यायालयों में की जायेगी। जिसमें न्यायालय कलेक्टर, सभी अनुविभागीय न्यायालय एवं समस्त तहसील न्यायालय शामिल है जहां सुनवाई हेतु खंडपीठ का गठन किया जायेगा। लोक अदालत एक ऐसा मंच है, जहां न्यायालयों में लंबित वाद-विवाद, मुकदमा या प्री-लिटिगेशन चरण के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया जाता है। लोक अदालत विवादों के निपटारे का वैकल्पिक माध्यम है, जहां श्रम व धन की बचत के साथ त्वरित न्याय प्राप्त होता है। लोक अदालत में लोगों के मध्य आपसी मतभेद हमेशा के लिए समाप्त हो जाता है। वहीं लोक अदालत में पारित आदेश, अवार्ड अंतिम होता है व इसके विरूद्ध कोई अपील नहीं होती। लोक अदालत आयोजन का उद्देश्य यह सुनिश्रित करना है कि देश का कोई भी नागरिक आर्थिक या किसी अन्य अक्षमता के कारण न्याय पाने से वंचित न रह जाये। 16 दिसम्बर 2023 के नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
: 2 दिसंबर को मतगणना स्थल पर होगी मॉक ड्रिल
Fri, Dec 1, 2023
सूरजपुर.
मतगणना 3 दिसंबर के लिये प्रशासन अमला तैयार है। आज मतगणना प्रशिक्षण के दोनो चरण का समापन के बाद 2 दिसंबर को वास्तविक परिदृश्य से मतगणना ड्यूटी में लगाए गये सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अवगत हो सके इसके लिए मतगणना स्थल आईटीआई भवन पर्री में मॉक ड्रिल रखी गई है। जिससे मतगणना ड्यूटी में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी मतगणना तिथि के एक दिन पूर्व ही अभ्यस्त होकर मतगणना के दिन के लिए तैयार रहेगें। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर वाहनों के पार्किंग का व्यवस्था, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था व मतगणना स्थल से संबंधित अन्य मूलभूत व्यवस्था किये गए हैं।