: मतदान सामग्री वितरण एवं संग्रहण का प्रशिक्षण...
Sat, Nov 11, 2023
सूरजपुर.
विधानसभा निर्वाचन 2023 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के निर्देशन में मतदान सामग्री वितरण एवं संग्रहण स्टाफ का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत के सभाकक्ष में संपन्न हुआ। जिसमें जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर पी.सी. सोनी प्राचार्य द्वारा पीपीटी के माध्यम से उनके कार्य एवं उत्तरदायित्व को विस्तार से बताया गया। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र प्रेमनगर (04) हेतु 10 काउंटर, भटगांव (05) हेतु 11 काउंटर एवं प्रतापपुर (06) हेतु काउंटर बनाये जायेंगे। प्रत्येक काउंटर पर चार कर्मचारी मतदान सामग्री वितरण एवं संग्रहण का कार्य करेंगे। ये कर्मचारी उस काउंटर के लिए आबंटित मतदान केंद्र के सामग्रियों का वितरण करेंगे एवं मतदान के उपरांत उन्हें मतदान केन्द्रों के सामग्रियों का संग्रहण कार्य करेंगे।
: 14 किलो गांजा के साथ मोटर सायकल बरामद...
Sat, Nov 11, 2023
सूरजपुर. विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह से एलर्ट है और पुलिस का कड़ा पहरा लगा है। पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला ने अवैध कार्यो के विरूद्ध प्रभावी नियंत्रण एवं सख्त कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए है। इसी तारतम्य में बीते 10 नवम्बर को चौकी रेवटी पुलिस को सूचना मिला कि अम्बिकापुर की ओर से एक व्यक्ति मोटर सायकल में गांजा लेकर बिक्री करने बनारस की ओर जा रहा है। सूचना पर चौकी रेवटी पुलिस ने ग्राम गोवर्धनपुर में घेराबंदी लगाया जो पुलिस को देखकर मोटर सायकल चालक मोटर सायकल छोड़कर भाग निकला। मोटर सायकल की तलाशी लेने पर एक पिठू बैग व डिक्की से 14 किलो गांजा बरामद किया गया। मामले में 14 किलो गांजा कीमत 2 लाख 80 हजार रूपये एवं होण्डा मोटर सायकल जप्त कर धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है और फरार मोटर सायकल चालक की पतासाजी की जा रही है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी रेवटी सुमंत पाण्डेय, एएसआई ज्ञानचंद सिंह, प्रधान आरक्षक अखिलेश यादव, आरक्षक बलिंदर खलखो, अशोक राजवाड़े, अनिल कुमार व प्रेमलाल सिंह सक्रिय रहे।
: दिव्यांगजन एवं अस्सी प्लस मतदाताओं ने घर से सशक्त लोकतंत्र के लिए घर से किया मतदान
Sat, Nov 11, 2023
सूरजपुर.
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के 80 प्लस एवं मतदान केंद्र जाने में असमर्थ दिव्यांगजनों को आज घर बैठे मतदान की सुविधा दी गई। जिसमें विधानसभा प्रेमनगर (04) से 17, भटगांव (05) से 18 और प्रतापपुर (06) से 09 मतदाताओं द्वारा डाक मतपत्र के माध्यम से कुल 44 मतदाताओं ने घर बैठे अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान दिव्यांगजनों एवं 80 प्लस मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। अस्सी प्लस के वृद्धजन एवं दिव्यांगजन लोकतंत्र के पावन पर्व से जुड़ सके। इसके लिए जिला निर्वाचन द्वारा प्रेमनगर (04) के अतंर्गत 04, भटगांव (05) के अंतर्गत 08 व प्रतापपुर (6) के अंतर्गत 03 रूट के निर्धारण किया गया था। इसी प्रकार प्रेमनगर के लिए 04 मतदान दल, भटगाव के लिए 08 और प्रतापपुर के लिए 03 मतदान दल निर्धारित किये गये थे ताकि सुगमता पूर्वक डाक मतपत्र द्वारा सम्पन्न कराया जा सकें। निर्धारित समय में मतदान के कार्य पूर्ण हो इसके लिए मतदान दल तय समय 09 बजे से पूर्व ही अपने स्थान से निकल चुके थे। जिसके परिणाम स्वरूप मतदान दल द्वारा लक्ष्य की प्राप्ति आसानी से की गई।