: परशुराम मन्दिर के मूर्ति स्थापना के तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन निकली शोभा यात्रा...
Wed, Jun 7, 2023
सूरजपुर. विप्र समाज द्वारा निर्मित शिव परशुराम मन्दिर के मूर्ति स्थापना के तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन भगवान भोले नाथ व परशुराम जी की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई जिससे पूरे दिन परशुराम धाम आचार्यो के मंत्रों से पूरा धाम गुंजायमान रहा। पूजा अर्चना के बाद भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।शोभा यात्रा के दौरान भजन कीर्तन का दौर भी चलता रहा।शोभा यात्रा परशुराम धाम से शुरू होकर माता कर्मा चौक, मेनरोड हनुमान मंदिर से महँगाव चौक से होते हुए वापस परशुराम पहुँचा। शोभा यात्रा में अम्बिकापुर, कोरिया सहित जिले भर से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल थे। रात में रतजगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें पूरी रात चले भजन में श्रद्धालु मग्न रहे।
परशुराम चौक .....
दूसरी ओर नमदगिरी रिंग रोड में परशुराम चौक पर विधिवत पूजा अर्चना कर परशुराम चौक का बोर्ड लगा कर नामकरण किया गया।इस दौरान भी बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
आज समापन व भंडारा
तीन दिवसीय कार्यक्रम का आज समापन होगा इसके पहले भगवान भोलेनाथ,माता पार्वती,गणेशजी की व भगवान परशुराम जी मूर्ति स्थापना करी जाएगी।ततपश्चात भण्डारे व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
: कला जत्था के माध्यम से शासन की योजनाओं का प्रचार प्रसार...
Wed, Jun 7, 2023
सूरजपुर
. राज्य शासन के निर्देश पर जनसंपर्क विभाग द्वारा कला जत्था के माध्यम से शासन की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए गांव-गांव में मनोरंजक व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन रिंगी चिंगी डण्डा लोक नृत्य, आरोग्य जनकल्याण समिति,उपकार पंथी लोक नृत्य कल्याण सेवा समिति,उद्गम सेवा समिति,शिक्षित बेरोजगार परिषद, रंग सागर, एडीएमवाएडी सोसायटी के द्वारा किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा जिले में अनेक जन कल्याणकारी और लाभार्थी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने एवं योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कलाजत्था के माध्यम से गांवों मे प्रचार-प्रसार कर स्थानीय भाषा में लोगों को समझाया और बताया जा रहा है। सूरजपुर जिले के छः विकासखण्ड सूरजपुर, ओड़गी, प्रतापपुर, भैयाथान, रामानुजनगर एवं प्रेमनगर के 172 गांवों में मनोरंजक व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक दिन विभिन्न गांवों में लगभग डेढ़ से दो घंटे तक कार्यक्रम की प्रस्तुती दी जा रही है। कार्यक्रम में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं नरवा, गरवा, घुरवा व बारी के अंतर्गत स्थापित गौठान और उससे होने वाले फायदों के बारें में ग्रामीणों को बताया गया। इस योजना से ग्रामीण विभिन्न गतिविधियों से जुड़ कर लाभ उठा रहे है और अर्थिक रूप से सशक्त हो रहे है। इसी तरह हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत ग्रामीणों को जहां एक ओर उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाता है, वहीं दूसरी ओर उनको बीमारियों से बचाव के उपाय बताये जाते है तथा उपचार हेतु दवाईयां भी दी जाती है। इसके अलावा राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना, दाई दीदी क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, वनाधिकार अधिनियम क्रियान्वयन, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना, वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव युवा मितान क्लब योजना, हाफ बिजली बिल योजना और मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजनाओं का कला जत्था के कलाकारों द्वारा जानकारी दी गई और इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।
: ईवीएम, व्ही.व्ही पैट एफएलसी के लिए प्रशिक्षण सम्पन्न...
Wed, Jun 7, 2023
सूरजपुर
. आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए ईवीएम एवं व्ही.व्ही.पैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया गया। एफएलसी का कार्य 10 जून 2023 से 27 जून 2023 तक अनवरत प्रातः 9.00 से सायं 5.00 बजे तक ईवीएम वेयर हाउस जिला कार्यालय में सम्पन्न किया जायेगा। एफएलसी हॉल में केवल जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ही प्रवेश दिया जायेगा। एफएलसी क्षेत्र में बेरीकेटिंग्स रहेगी और प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जायेगी। एफएलसी हॉल में किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन, कैमरा, स्मार्ट वॉच, कैमरा पेन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक व्यक्ति को प्रवेश एवं निकास के लिए लॉग बुक में इन्ट्री करना आवश्यक है। एफएलसी हॉल में वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। प्रशिक्षण में यह बताया गया कि एफएलसी के दौरान तीन प्रकार के कार्य किये जाने है। मशीनों की साफ-सफाई, नैतिक जांच तथा कार्य क्षमता की जांच की जायेगी। प्रत्येक मशीन पर मॉक पोल कर उसके कार्यक्षमता की सूक्ष्मता से जांच की जाएगी। राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों द्वारा चुने गये सदस्यों के माध्यम से मशीनों पर अतिरिक्त मॉकपोल किया जायेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा द्वारा मॉक पोल की प्रक्रिया को प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम व एफएलसी नोलड रवि सिंह, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा त्रिपाठी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण जिला मास्टर ट्रेनर प्रेम चन्द सोनी द्वारा दिया गया।