चीखों में डूबीं खुशियां : मौसी के घर आए दो मासूम भाइयों को निगल गई नदी, बचाने कूदे बाप-बेटे भी समाए; एक ही झटके में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
Subhas Gupta
Sat, Oct 24, 2026
सूरजपुर। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सरस्वतीपुर के ढोघट घाट पर नहाने के दौरान हुए एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जलसमाधि हो गई। मौसी के घर छुट्टियां बिताने बिहार से आए दो मासूम भाइयों को बचाने के प्रयास में उनके मौसा और ममेरे भाई की भी डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। पल भर में पूरा परिवार उजड़ गया और गांव में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के कटिहार जिले से दो सगे भाई गोपाल कृष्ण (13 वर्ष) और कृष्ण गोपाल (14 वर्ष) सूरजपुर के चंद्रपुर में रहने वाली अपनी मौसी के घर घूमने आए थे। शनिवार को वे परिवार के एक अन्य बच्चे के साथ सरस्वतीपुर स्थित घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय अचानक बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
मासूमों को जिंदगी और मौत से जूझते देख घाट पर मौजूद उनके मौसा विवेक कुमार सिंह (45 वर्ष) और ममेरा भाई अभिजीत सिंह (20 वर्ष) बिना सोचे-समझे उन्हें बचाने के लिए नदी के अथाह जल में कूद पड़े। उन्होंने बच्चों को खींचने की जी-तोड़ कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहरे भंवर के आगे उनकी ममता और हिम्मत बेबस साबित हुई। कुछ ही पलों में चारों जिंदगी की जंग हार गए और पानी की गहराइयों में समा गए।
हादसे की खबर मिलते ही घाट पर भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद चारों शवों को नदी से बाहर निकाला। शवों के बाहर आते ही परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
मृतकों की पहचान:
विवेक कुमार सिंह (पिता विश्वनाथ सिंह, उम्र 45 वर्ष)
अभिजीत सिंह (पिता विवेक सिंह, उम्र 20 वर्ष) (वर्तमान निवासी: ग्राम चंद्रपुर, सूरजपुर)
कृष्ण गोपाल (पिता जितेंद्र सिंह, उम्र 14-15 वर्ष)
गोपाल कृष्ण (पिता जितेंद्र सिंह, उम्र 13 वर्ष) (निवासी: जिला कटिहार, बिहार)
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिन बच्चों के आने से घर में रौनक छाई हुई थी, उनके शवों को देखकर पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन