: सरपंच सचिव के भ्रष्टाचार से परेशान ग्रामीणों कर रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल...
Sat, Oct 5, 2024
सौरभ द्विवेदी
बिहारपुर. दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के ग्राम पंचायत खैरा के ग्रामीणों ने गाँव के सरपंच सचिव के काले कारनामों के वजह से अनिश्चितकालीन मुख हड़ताल पर बैठ गए है ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत खैरा में चबूतरा निर्माण, शौचालय निर्माण, नाली निर्माण सहित महत्वपूर्ण पुलिया निर्माण बहुत दिनों से कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। जिसका पैसा निकाल कर सरपंच सचिव के द्वारा खा लिया गया है और ग्रामीणों का मजदूरी का भुगतान से लेकर कई प्रकार के राशि पंचायत में फंसा हुआ है। जिसकी शिकायत आला अधिकारियों से किया जा चूका है पर कोई कार्यवाही न होने की स्थिति में ग्रामीण अब भूख हड़ताल में बैठने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार उच्च अधिकारी को शिकायत करने के बाद भी ग्रामीणों का सुनवाई नहीं हो रहा है इससे अब ग्रामीणों को अधिकारियों पर भी शंका बनने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक हमारी भुगतान नहीं होती है और मांगे पूरी नहीं होती है तब तक हड़ताल हम खत्म नहीं करेंगे। छत्तीसगढ़ शासन की बहुमूल्य योजनाओं से ग्रामीण वंचित हो रहे हैं। जिसका शिकायत जनपद पंचायत ओडगी मे ग्रामीणों के द्वारा किया गया था लेकिन उससे भी कोई प्रभाव नहीं पड़ा अब देखने वाली बात यह होगी कि ग्रामीणों के इस गंभीर समस्या को शासन प्रशासन के द्वारा किस तरह से निदान किया जाता है।
: माध्यमिक शाला में वीरगाथा 4.0 का आयोजन...
Sat, Oct 5, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के सहयोग तथा राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशन में स्कूलों में आयोजित कार्यक्रम वीरगाथा 4.0 का आयोजन जिले के सभी विद्यालयों में किया गया। वहीं विकासखण्ड रामानुजनगर के माध्यमिक शाला पतरापाली में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। 45 छात्रों ने कविता, कहानी एवं निबन्ध तथा 40 छात्रों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम प्रभारी योगेश साहू ने बताया कि वीरगाथा 4.0 मिशन का उद्देश्य देश के वीरों के जीवन एवं बलिदान की कहानियों के जरिए विद्यार्थियों में बहादुरी और देश प्रेम की भावना को जागृत करना है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के वीरों के जीवन और बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही उनमें बहादुरी और देश प्रेम की भावना को जागृत किया जा सकेगा। इस कार्यक्रम के तहत, छात्रों को वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों पर प्रोजेक्ट तैयार जैसे कविता, निबंध, कहानी, पेंटिंग, ड्राइंग, जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेना है। तत्पश्चात छात्रों का रजिस्ट्रेशन कर चार बेहतरीन प्रविष्टियों को माय गव पोर्टल पर अपलोड किया गया। कार्यक्रम में प्रधानपाठक बी.आर. हितकर, जी डी सिंह, महेन्द्र पटेल, के के यादव, अनिता सिंह, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल, सरीता सिंह सहित छात्र छात्राये मौजूद थे।
: PM आवास योजना को शत प्रतिशत लागू करवाने अधिकारी कर्मचारी मिलकर करें कार्य- कलेक्टर
Sat, Oct 5, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. कलेक्टर रोहित व्यास ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत की मासिक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, मनरेगा आदि के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ, सर्व जनपद सीईओ तथा जिला पंचायत के सभी अधिकारी, अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित थे।बैठक के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजना प्रधानमंत्री आवास योजना को शत प्रतिशत रूप में लागू करवाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की। चर्चा के दौरान श्री व्यास ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हो रहे निर्माण कार्यों, निर्माणाधीन आवासों और समय पर पूर्ण न होने वाले आवासों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जो आवास समय पर पूर्ण नहीं हुए हैं उनको लेकर सख्त नाराजगी व्यक्त तथा सभी आवासों को समयसीमा में पूर्ण करने के लिए कहा। समीक्षा बैठक में कलेक्टर द्वारा जनपदवार किए गए समीक्षा में जहां अपेक्षित उपलब्धि नहीं मिली है वहां शीघ्र लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने जिन लोगों के आवास निर्माण में समस्या आ रही है उसकी जानकारी जनपद पंचायतों को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। आवास पूर्णता को लेकर समस्त तकनीकी सहायकों एवं आर ई एस अभियंताओं एवं संबंधित लोगों से चर्चा करते हुए लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। इसके लिए उन्होंने सभी अधिकारियो एवं कर्मचारियों को मिलकर कार्य पूर्ण करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने मनरेगा अंतर्गत हो रहे निर्माण कार्यों और विगत पूर्ण कार्यों को लेकर समीक्षा की। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसके अंर्तगत सभी गतिविधियों पूरी तन्मयता के साथ करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता रखना व्यवहार परिवर्तन का विषय है इसके लिए इस योजना से जुड़े सभी अधिकारी कर्मचारी को निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होंने स्वच्छता को बनाए रखने के लिए विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम को लागू करने के लिए कहा। ग्राम के गड्ढों को भरना, कूड़े का निपटान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शेड निर्माण, सभी घरों से निकलने वाले गंदे पानी का निपटान, डोर टू डोर कचरा संग्रहण, व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालय निर्माण , श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाने जैसे कार्य कर सभी ग्रामो में समुचित रूप से विजिबल क्लीनलीनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्वच्छग्रहियों एवं उनके परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से शत प्रतिशत रूप में लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के समीक्षा के दौरान उन्होंने इस योजना के माध्यम से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों को निचले स्तर तक पहुंचाने तथा ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के रूप में आत्म निर्भर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने एनआरएलएम से शत प्रतिशत रूप में हितग्राही महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिए। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाकर योजना को लागू करने के निर्देश कलेक्टर श्री व्यास द्वारा दिए गए। इसके अलावा श्री व्यास ने जीवन ज्योति बीमा योजना, मुद्रा लोन योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं अटल पेंशन योजना, जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण विकास की अन्य विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।