: सजेगा बाबा श्याम का भव्य अलौकिक दरबार...
Fri, Sep 22, 2023
सूरजपुर. श्री श्याम अखाड़ा को श्याम प्रेमियों का अद्भुत प्यार मिलता रहा है पिछले वर्ष कोरबा क्षेत्र के जंगलो के बीच आयोजित ग्राम बुंदेली में भजन सम्राट कन्हैया मित्तल का भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम श्री श्याम अखाड़ा के सभी सहयोगियों के सानिध्य में श्याम प्रेमियों के अद्भुत प्यार से संपन्न हुआ था. और इस वर्ष भी नवम श्री श्याम अखाड़ा का आयोजन सूरजपुर जिला मुख्यालय से लगे विश्रामपुर शहर के अग्रसेन भवन में 23 सितंबर को किया जा रहा है जिसमें श्याम जगत के जाने-माने कलाकारों द्वारा बाबा श्याम का गुणगान किया जाएगा. इसी घड़ी में बाबा श्याम को सर्वाधिक प्रिय सूरजगढ़ के हजारीलाल जी इंदौरिया के पावन सानिध्य में श्री श्याम अखाड़ा का आयोजन किया जाएगा. जिसमें भजनों के लिए बाहर से आमंत्रित किए गए विशेष ख्यातिप्राप्त कलाकारों में अबोहर से भजन प्रवाहक मयंक अग्रवाल, जयपुर से रजनी राजस्थानी एवं लव अग्रवाल कोलकाता से अपने सुमधुर भजनों से बाबा श्याम की भक्ति में विश्रामपुर सहित आसपास के जिलों से पधारे श्याम प्रेमियों को आनंदित करेंगे, वहीं दूसरी ओर श्री श्याम अखाड़ा के द्वारा कार्यक्रम के लिए भव्य दरबार सजाया गया है. कार्यक्रम में बाबा श्याम की अखंड ज्योत, छप्पन भोग एवं चुनरी उत्सव के आयोजन के साथ ही श्री श्याम रसोई भी निर्वाण रूप से चलती रहेगी जहां श्याम प्रेमी हजारों की संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करेंगे. श्री श्याम अखाड़ा के सदस्यों ने विश्रामपुर, छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों के सभी श्याम प्रेमियों को इस भव्य कार्यक्रम में आमंत्रित किया है.
: पशु चिकित्सा विभाग पशुधन में संक्रमण रोग के रोकथाम के लिये कर रहा सतत मॉनिटरिंग
Fri, Sep 22, 2023
सूरजपुर.
जिले के पशुधन किसी संक्रमण बीमारी का शिकार न बने इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग द्वारा जिले में सतत मॉनिटरिंग कार्य किया जा रहा है। जिसके लिये जिला स्तर पर टीम का गठन किया गया है। इसके तहत टीम द्वारा प्रतापपुर नगर एवं आसपास ग्रामों में पहुंचकर कृषकों के घर-घर जाकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान तीन नग पशु आंशिक रूप से बीमार पाए गये। जिनका उपचार किया गया तथा रोकथाम हेतु जानकारी प्रदान की गई। भ्रमण के दौरान चिकित्सा दल के समक्ष किसी भी पशुओं की मौत अभी तक नहीं हुई है। आने वाले सात दिनों तक चालित पशु चिकित्सा इकाई द्वारा प्रभावित ग्रामों में सतत रूप से भ्रमण कर उपचार कराने के कार्य किया जायेगा। भविष्य में मवेशियों में किसी भी प्रकार के रोग के लक्षण दिखने पर संबंधित, तत्काल पशुधन विकास विभाग के निकटतम संस्था को सूचित कर सकता है। गठित टीम में जिला स्तर से डा. विशाल प्रसाद, विकासखंड स्तर के डा. निकिता कुजुर, करमचंद, कुमारी आरती मानिकपुरी शामिल है।
: धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन का कार्य गंभीरता से करें- कलेक्टर
Fri, Sep 22, 2023
सूरजपुर.
जिला पंचायत सभा कक्ष में कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक रखी गई थी। जिसमें विभागीय कार्य में तेजी लाने तथा किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। उन्होंने राजीव गांधी किसान योजना के तहत खरीफ वर्ष 2023-24 हेतु किसानों को पंजीयन की जानकारी ली। प्रत्येक किसान का पंजीयन अनिवार्य रूप से हो इसके लिए संबंधितों को निर्देशित किया। इसके साथ ही बैठक में धान खरीदी पंजीयन के विषय पर भी चर्चा हुई जिसमें कलेक्टर ने जिले से उपस्थित सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को पंजीयन के कार्य को गंभीरता करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने बैठक में गिरदावरी के कार्य को पारदर्शिता के साथ करने की बात कही। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में पहले से पंजीकृत किसानों को धान बेचने के लिए धान पंजीयन के नॉमिनी नामांकन कर कैरीफारवर्ड किए जा रहे है। साथ ही किसानों को बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली की जानकारी के लिए ग्राम पंचायत एवं आश्रित ग्रामों में मुनादी कराकर व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सभी किसान अपना पंजीयन फॉर्म तैयार कर अंतिम तिथि से पूर्व अपने धान ऊपार्जन केन्द्र या सहकारी समिति केन्द्र के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री लीना कोसम, कृषि अधिकारी श्री प्रदीप एक्का इत्यादि उपस्थित थे।