साइबर जागरूकता अभियान : चांदनी-बिहारपुर में पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों और ग्रामीणों को दिलाई शपथ
Rajesh Soni
Tue, Jul 14, 2026
सूरजपुर। जिले के सुदूरवर्ती चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मोहरसोप पुलिस चौकी ने आज एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चौकी प्रभारी कमलेश पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहरसोप, बसनारा, नवडीहा, कछिया, खैरा और रामगढ़ सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों स्कूलों और साप्ताहिक बाजारों में जाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए।
'साइबर कॉप' अभियान के तहत पुलिस ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के उपाय समझाते हुए सुरक्षा की शपथ दिलाई। पुलिस ने विशेष रूप से सलाह दी कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी पासवर्ड या निजी जानकारी अनजान व्यक्तियों से साझा न करें। साथ ही, संदिग्ध लिंक्स पर क्लिक करने, अज्ञात फाइलों को डाउनलोड करने और लालच या दबाव में आकर ऑनलाइन भुगतान करने से बचने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह बिना देर किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस जनहितैषी अभियान को सफल बनाने में मोहरसोप चौकी के पुलिस कर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन