जमीन विवाद में दबंगों का कहर : आदिवासी परिवार का मकान जेसीबी से ढहाया, एसपी-कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
Rajesh Soni
Tue, Jul 14, 2026
सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरहरी में जमीन विवाद को लेकर एक आदिवासी परिवार के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। पीड़ित शिवप्रसाद मुईया और उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने न केवल उनके पुश्तैनी मकान को जेसीबी से जमींदोज कर दिया, बल्कि विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक SP और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित परिवार खसरा क्रमांक 917/1, 909, 910, 912, 913, 916/1 सहित अन्य भूमि पर लंबे समय से काबिज है और खेती-किसानी कर अपना जीवन-यापन कर रहा है। आरोप है कि 10 जुलाई 2026 को आरोपी पक्ष ने अचानक जेसीबी मशीन से खसरा क्रमांक 917/1 पर स्थित उनका मकान ढहा दिया। घटना के दौरान जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडे और रॉड से उन पर हमला कर दिया, जिससे परिवार के एक सदस्य को चोटें आईं।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल प्रतापपुर थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण आरोपियों का हौसला बुलंद रहा। इसी का परिणाम रहा कि 13 जुलाई 2026 को आरोपी पक्ष ने दोबारा आकर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने इस मामले में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों ने ग्रामीणों द्वारा बनाए गए घटना के वीडियो को साक्ष्य के तौर पर प्रशासन को सौंपा है। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और सभी की नजरें जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन