: खबर लगातार- कनपटी पर गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया था युवती को
Sun, Jul 15, 2018
प्रवेश गोयल
सूरजपुर- बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पस्ता थानांतर्गत ग्राम कंडा के नगेसियापारा में शनिवार की देर शाम अज्ञात युवती की लाश मिली थी। युवती की हत्या उसकी कनपट्टी में गोली मारकर की गई है। घटनास्थल पर एक कारतूस भी बरामद हुआ है। युवती की लाश की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसका पीएम कराकर शव मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के मरच्यूरी में सुरक्षित रखने के लिए भेज दिया है ताकि उसकी पहचान कराई जा सके। पुलिस उसकी शिनाख्ती के प्रयास में है।
गौरतलब है कि शनिवार की देर शाम पस्ता थानांतर्गत ग्राम कंडा के नगेशियापारा में 15-18 वर्षीय अज्ञात युवती की लाश मिली थी। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही एएसपी पंकज शुक्ला, पस्ता थाना प्रभारी धीरेंद्र बंजारे, डौरा चौकी प्रभारी अवनिश कुमार श्रीवास, एएसआई अनिल दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे।
युवती के सिर से काफी मात्रा में खून बहा हुआ था। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसकी हत्या किसी भारी चीज से मारकर की गई है। रविवार को उक्त अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तो मौके पर एक कारतूस मिला। इधर डॉक्टरों ने शव का पीएम कराया। इसमें डॉक्टर ने बताया कि युवती की कनपट्टी में गोली मारी गई है। गोली कनपट्टी में लगने के बाद चेहरे से निकल गई थी। फिलहाल युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
शव को भेजा गया अंबिकापुर
पोस्टमार्टम पश्चात युवती का शव अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मरच्यूरी में सुरक्षित रखने के लिए भेज दिया गया है। युवती की पहचान नहीं हो पाने से पुलिस की कार्रवाई भी पूरी तरह से आगे नहीं बढ़ पा रही है। पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती को किसी और जगह से लाकर यहां गोली मारी गई है।
: खून से लथपथ मिली युवती की लाश, अभी तक नहीं हो पाई शिनाख्त
Sun, Jul 15, 2018
प्रवेश गोयल
सूरजपुर- बलरामपुर जिले के पस्ता थानांतर्गत ग्राम कंडा के नगेसियापारा में शनिवार की देर शाम एक अज्ञात युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। युवती की हत्या सिर पर भारी वस्तु से वार कर की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और जांच शुरु कर दी।युवती की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस दुष्कर्म की आशंका से इनकार कर रही है। शनिवार की देर शाम ग्रामीणों ने एक लड़की की खून से सनी लाश देखी। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल थाने में दी। सूचना मिलते ही एएसपी पंकज शुक्ला समेत थाना प्रभारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा पश्चात रविवार को युवती का शव पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रथमदृष्ट्या युवती की हत्या कर लाश फेंके जाने की पुष्टि हुई है। युवती के सिर के पीछे किसी वजनी चीज से प्रहार करने के निशान हैं। युवती की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने सभी थाने व चौकियों में युवती की फोटो भेजी है ताकि यदि वहां कोई गुम इंसान कायम है तो उसका मिलान किया जा सके।
क्या कहते है एएसपी
इस संबंध में बलरामपुर के एडिशनल एसपी पंकज शुक्ला ने बताया कि युवती कुर्ती व जिंस पहनी हुई है। उसकी ऊंचाई करीब 5 फीट तथा फेस गोल अंडाकार है। उन्होंने बताया कि शव का पीएम फिलहाल नहीं हो सका है। इससे उसके साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं, इस संबंध में कुछ नहीं कहा जा सकता है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद भी इसके बारे में कुछ भी कह पाना संभव होगा।
अभ्यारण्य से लगा है इलाका
जिस स्थान पर युवती की लाश मिली है वह सेमरसोत अभ्यारण्य से लगा है। घटनास्थल पस्ता थाना से करीब 30 किलोमीटर दूर रामानुजगंज मुख्य मार्ग से 3 किलोमीटर भीतर है। सूचना पर रात में क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य भी पहुंचे थे।
: हादसा इतना भयंकर कि कांच तोड़ बाहर लटकने लगी लाश
Wed, Jul 11, 2018
प्रवेश गोयल
अंबिकापुर-राजपुर रोड स्थित केपी अजिरमा से गिट्टी लोड कर आ रहा मिनी ट्रक बुधवार की दोपहर ग्राम परसा के पास हादसे का शिकार हो गया। अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे क्लिंकर लोड ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मिनी ट्रक के ड्राइवर की लाश कांच तोड़ते हुए बाहर लटक गई। हादसे में मिनी ट्रक में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इधर जेसीबी की मदद से ड्राइवर की लाश काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाली गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। ग्राम परसा घुटरापारा निवासी राजकुमार पैंकरा 22 वर्ष ड्राइवर था। बुधवार को वह 3 मजदूरों को लेकर मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 15 सीए- 3908 में गिट्टी लोड करने ग्राम केपी अजिरमा गया था। गिट्टी लोड करकर वह दोपहर पौने 3 बजे अंबिकापुर की ओर जा रहा था। वह ग्राम परसा स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा ही था कि अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे क्लिंकर लोड ट्रक क्रमांक जेएच 02 एएम-3231 ने टक्कर मार दी। ट्रक बिहार जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक के परखच्चे उड़ गए और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्राइवर की लाश मिनी ट्रक की कांच तोड़ते हुए बाहर निकलकर वाहन में ही फंसी रही। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। घायलों के नाम का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
जेसीबी लगाकर निकाली गई लाश
ड्राइवर की लाश का निचला हिस्सा मिनी ट्रक के इंजन में फंसा था। करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद पुलिस ने जेसीबी से उसकी लाश बाहर निकाली। घटनास्थल पर मृतक के परिजन भी पहुंच चुके थे। वे राजकुमार की लाश देख बिलख-बिलख कर रोने लगे।