बड़ी कार्रवाई : युवाओं की रगों में जहर घोलने वाले 3 तस्कर गिरफ्तार, 29 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ सलाखों के पीछे पहुंचे
Subhas Gupta
Wed, Nov 18, 2026
सूरजपुर: जिले में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के स्पष्ट और कड़े निर्देश हैं कि जहर का यह कारोबार करने वाला कोई भी शख्स बख्शा न जाए। इसी सख्ती के तहत थाना सूरजपुर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध नशीले इंजेक्शनों के अवैध धंधे में लिप्त एक मुख्य विक्रेता और उसके दो शातिर सप्लायरों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से करीब 15,000 रुपए कीमत के 29 प्रतिबंधित और खतरनाक नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने के लिए किया जा रहा था।
घटनाक्रम के मुताबिक 17 नवंबर को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि चंद्रपुर निवासी नंदकेश्वर साहू अपने घर में ही छिपकर इन प्रतिबंधित इंजेक्शनों का जहर फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और आरोपी के घर पर अचानक दबिश दी। विधिवत तलाशी लेने पर घर से 15 नग एविल, 6 नग आईपीपीएल और 8 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन (कुल 29 नग) बरामद हुए। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो इस काले कारोबार की जड़ें और गहरी निकलकर सामने आईं। मुख्य आरोपी नंदकेश्वर ने कबूल किया कि वह इन खतरनाक इंजेक्शनों को देवनगर के रहने वाले रहमान और रामानुजनगर के ममसाद अली उर्फ गुड्डा से खरीदकर लाता था। इसके बाद पुलिस ने बिना एक पल गंवाए दोनों सप्लायरों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया।
पुलिस की इस त्वरित और आक्रामक कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों नंदकेश्वर साहू, ममसाद अली उर्फ गुड्डा और रहमान उर्फ अब्दुल रहमान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की बेहद गंभीर धाराओं 21(सी) और 29(1) के तहत मामला दर्ज कर सभी को हवालात की सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस पूरी ताबड़तोड़ और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, पीएसआई नागेश कुमार, रुचि रजक, तथा आरक्षक परमेश्वर राजवाड़े और रामेश्वर जगनायक की भूमिका बेहद मुस्तैद और सराहनीय रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन