न्याय की आस में समाज : पति-पत्नी की मौत पर जायसवाल समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी दरबार में लगाई न्याय की गुहार
Subhas Gupta
Tue, Nov 17, 2026
सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर निवासी चंद्रावती जायसवाल और उनके पति संजय जायसवाल की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से आहत जायसवाल समाज ने मामले की तह तक जाने के लिए कड़ा रुख अख्तियार करते हुए जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की पारदर्शी, समयबद्ध और उच्चस्तरीय जांच की पुरजोर मांग की है।
समाज ने स्पष्ट किया है कि चंद्रावती जायसवाल की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु के पश्चात उनके पति संजय जायसवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के हर एक तथ्य को खंगाला जाए और मौत से पहले उन्हें कथित तौर पर प्रताड़ित करने वाले तत्वों की भूमिका की गहराई से छानबीन हो। किसी भी प्रकार के स्थानीय दबाव या पक्षपात की आशंका को पूरी तरह खारिज करने के लिए समाज ने जांच का जिम्मा स्थानीय पुलिस के बजाय जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपने की मांग की है। साथ ही दो टूक शब्दों में कहा गया है कि अनुसंधान में यदि किसी भी आपराधिक षड्यंत्र या व्यक्ति की संलिप्तता उजागर होती है, तो उसके विरुद्ध बिना किसी विलंब के अत्यंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संवेदनशील प्रकरण में दंपति की असमय मौत से बेसहारा हुए पीड़ित परिवार, विशेषकर उनके बच्चों की सुरक्षा, उत्तम शिक्षा और उनके भविष्य की रक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया है। इसके अलावा, समाज और पीड़ित परिवार के बीच विश्वास बनाए रखने के लिए जांच की प्रत्येक प्रगति से समाज द्वारा नामित प्रतिनिधि को लगातार अवगत कराने की बात कही गई है।
इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में रितेश जायसवाल, मिथिलेश जायसवाल, नीरज गुप्ता, राकेश जायसवाल और संदीप गुप्ता सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जायसवाल समाज ने पुलिस प्रशासन से अपेक्षा की है कि मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन