राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन : पत्रकारों की सुरक्षा पर गहराता संकट: 4PM की महिला रिपोर्टरों से बदसलूकी के खिलाफ ABPSS आर-पार के मूड में
Rameshvar Vaishnaw
Wed, Sep 9, 2026
महिला पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर आक्रोश राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, 'पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू करने की मांग
सूरजपुर। नई दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (ABPSS) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए उच्चस्तरीय जांच और देशभर में 'पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू करने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के अनुसार, हाल ही में नई दिल्ली में जनहित से जुड़े सवाल पूछने के दौरान '4PM न्यूज नेटवर्क' की वरिष्ठ पत्रकार शाहीन खान और कैमरा पर्सन नफीसा खान के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा कथित तौर पर धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार और अनुचित बल प्रयोग किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता—के समक्ष आज सुरक्षा की गंभीर चुनौतियां खड़ी हैं। जनता के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना पत्रकारों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे दबाव या भय से दबाया नहीं जा सकता। समिति ने स्पष्ट किया कि वह 2014 से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देशव्यापी संघर्ष कर रही है।
समिति की प्रमुख मांगें:
समयबद्ध निष्पक्ष जांच: 4PM न्यूज की महिला पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार की तय समय सीमा के भीतर उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई: जांच में दोषी पाए जाने वाले संबंधित अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
पत्रकार सुरक्षा कानून: देशभर के मीडियाकर्मियों की सुरक्षा की गारंटी के लिए केंद्र सरकार अविलंब 'पत्रकार सुरक्षा कानून' पारित करे।
फास्ट-ट्रैक सुनवाई तंत्र: पत्रकारों पर हमले, धमकी और उत्पीड़न के मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु विशेष सुरक्षा सेल व फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था हो।
सुरक्षित कार्य परिवेश: पत्रकारों को बिना किसी भय, राजनीतिक दबाव या प्रशासनिक बाधा के स्वतंत्र रिपोर्टिंग के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ABPSS के जिला प्रभारी सुनील अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजेश सोनी, फिरोज खान, सूर्य नारायण और नीरज साहू सहित कई अन्य पदाधिकारी व पत्रकार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन