नए के साथ 'पुराना' जुगाड़ : प्रतापपुर में 250 बोरी धान जब्त, प्रशासन की औचक दबिश से उड़ी चालबाजी
Subhas Gupta
Thu, Nov 19, 2026
SDM रमेश मोर का आकस्मिक निरीक्षण; लगभग 100 क्विंटल धान समिति प्रबंधक के हवाले
सूरजपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में 'जुगाड़' और घालमेल की कोशिशों पर प्रशासन ने सीधा ब्रेक लगा दिया है। प्रतापपुर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रमेश मोर ने जब आदिम जाति सेवा सहकारी समिति प्रतापपुर का अचानक निरीक्षण किया, तो खरीदी केंद्र की हवा का रुख ही बदल गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सिलौटा निवासी किसान लखनराम (पिता दिलसाय) द्वारा बेचने के लिए लाई गई 250 बोरियों (लगभग 100 क्विंटल) में नया और पुराना धान मिला। ताजा धान के बीच पुराने माल की इस 'मिलावट' को प्रशासन की टीम ने तुरंत भांप लिया और पूरी 250 बोरी धान जब्त कर समिति प्रबंधक प्रतापपुर की सुपुर्दगी में सौंप दी।
निगरानी जारी, 'जुगाड़बाजों' की खैर नहीं
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रशासन लगातार उपार्जन केंद्रों पर नजर गड़ाए हुए है। जांच टीम धान की आवक से लेकर उसकी गुणवत्ता तक हर पहलू को खंगाल रही है, ताकि असली और पात्र किसानों को ही समर्थन मूल्य का हक मिले और 'पुराने' हिसाब-किताब से नया फायदा उठाने वालों की दाल न गल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन