15 महीने से मुफ्त सेवा : चांदनी बिहारपुर में सोलर ऑपरेटरों की जेब खाली, बिजली व्यवस्था पर अंधेरे का साया
Subhas Gupta
Thu, Nov 19, 2026
लाखों के सोलर प्लांट और बकाया मानदेय का हिसाब कहां? ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांगी जांच व जिम्मेदारियों पर कार्रवाई
सूरजपुर। जिले के ओड़गी विकासखंड के चांदनी बिहारपुर के पहाड़ी अंचल में क्रेडा (CREDA) विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। यहां करीब दो दर्जन गांवों में लगे सोलर पावर प्लांटों को चालू-बंद करने वाले ऑपरेटरों को पिछले 15 महीनों से मानदेय नहीं मिला है। कभी हर महीने समय पर भुगतान पाने वाले ये कर्मचारी अब बिना मेहनताने के काम करने या फिर आर्थिक तंगी से जूझने को मजबूर हैं, जबकि विभाग की फाइलों में योजना के संचालन का दावा कायम है।
अंधेरे में योजना, ठप पड़ने की कगार पर व्यवस्था
दूरस्थ पहाड़ी गांवों को रोशनी देने के लिए शासन ने लाखों रुपये खर्च कर सोलर प्लांट और ऑपरेटरों की व्यवस्था की थी, ताकि ग्रामीणों को बिजली मिल सके। लेकिन 15 महीने तक मानदेय रोककर विभाग ने मानो यह मान लिया हो कि ऑपरेटरों के परिवार को रोटी की नहीं, केवल 'सौर ऊर्जा' की जरूरत है। ग्रामीणों को आशंका है कि जब कर्मचारियों को भुगतान ही नहीं मिल रहा है, तो प्लांटों का नियमित संचालन लड़खड़ा सकता है और गांवों की बिजली व्यवस्था ठप पड़ सकती है। इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने अब सूरजपुर कलेक्टर से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऑपरेटरों के 15 माह के बकाया मानदेय का तुरंत भुगतान कराया जाए और सभी दो दर्जन गांवों के सोलर प्लांटों की गांववार जांच हो ताकि यह साफ हो सके कि हकीकत में कितने प्लांट चल रहे हैं और कितने सिर्फ कागजों में चमक रहे हैं। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तय करने की मांग भी की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन