गांधी जयंती पर : विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,रंगोली, चित्रकला, भाषण व नुक्कड़ नाटक में छात्र छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
Subhas Gupta
Fri, Oct 2, 2026
सरगुजा। 2 अक्टूबर 2026: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत गांधीनगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एक दिवसीय विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार), अंबिकापुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं जनसामान्य में स्वच्छता के प्रति सजगता बढ़ाना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
रंगों और मंचन से दिया सामाजिक बदलाव का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए जहां बच्चों ने स्वच्छ, हरित और सुंदर पर्यावरण की परिकल्पना को रंगों में ढाला, वहीं नुक्कड़ नाटक और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से दैनिक जीवन में स्वच्छता, व्यक्तिगत हाइजीन और सार्वजनिक स्थलों के रख-रखाव का सशक्त संदेश दिया।
"स्वच्छता सामूहिक नागरिक दायित्व": ललित जाटवार
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ललित जाटवार ने कहा, "स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक सामाजिक दायित्व है। विद्यार्थी इस अभियान के सबसे सशक्त दूत हैं; वे विद्यालय, घर और समाज में स्वच्छता की अलख जगाकर व्यापक सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।"
इस अवसर पर विकासखंड स्रोत समन्वयक (BRC) संजीव भारती एवं संकुल समन्वयक सलीम खान राही ने भी विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता को एक आदत के रूप में जीवन में उतारने और अपने परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर के ब्यूरो प्रभारी हिमांशु सोनी ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और जिम्मेदारी का भाव विकसित करना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सक्रिय सहभागिता
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में निरंजन विश्वास, सुश्री रेखा राय, श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती प्रतिमा कुशवाहा, श्रीमती प्रियंका राय गुप्ता, विश्वजीत पाठक, रामनाथ भगत, साजिद नदीम अंसारी, श्री विक्रम सिंह तोमर, विनय यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों व उपस्थित जनसमूह ने स्वच्छता को अपने आचरण में अपनाने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन