दर्दनाक सड़क हादसा : NH-43 पर ट्रक-बाइक की टक्कर में दो की मौत; आक्रोशित भीड़ ने ट्रक फूंका
Subhas Gupta
Tue, Nov 10, 2026
मनेन्द्रगढ़। मनेंद्रगढ़ जिले से एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर कठोतिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद भड़के लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
फरार हुआ ट्रक चालक, भड़का लोगों का गुस्सा
मिली जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की जान चली गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत और ड्राइवर के फरार होने से स्थानीय लोगों में भयंकर आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
पुलिस जांच में जुटी, पहचान का इंतजार
NH-43 के कठोतिया क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहाँ सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, वहीं दूसरी तरफ कानून को अपने हाथ में लेते हुए भीड़ द्वारा ट्रक में आग लगाने का मामला भी अब चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल मृतकों की पहचान और फरार ट्रक चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर के लिए असल में कौन जिम्मेदार था, इसकी भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन