खुशियों के बीच मातम : हाथी के हमले में ग्रामीण की दर्दनाक मौत, सहमा पूरा इलाका
Subhas Gupta
Mon, Nov 9, 2026
सूरजपुर। जहाँ एक ओर पूरा देश दीपावली के दीप जलाकर खुशियाँ मना रहा था, वहीं सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सकलपुर में एक परिवार के हिस्से का उजाला हमेशा के लिए बुझ गया। दीपावली की रात गाँव के करीब पहुँचे कुख्यात हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और खौफ का माहौल है। ग्रामीण अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँच चुकी हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
लंबे समय से आतंक का पर्याय बना है 'कबरा कान'
वन विभाग के रिकॉर्ड और स्थानीय चेतावनियों के अनुसार दल से बिछड़ा हुआ यह हाथी बेहद आक्रामक हो चुका है और क्षेत्र में लगातार तबाही मचा रहा है। इस अकेले हाथी के हमलों से अब तक 12 से अधिक निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है।
इसके बढ़ते आतंक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते 6 नवंबर को ही सुरक्षा के एहतियात के तौर पर प्रतापपुर की बगड़ा-बंशीपुर सड़क को पूरी तरह बंद करना पड़ा था। बार-बार हो रही इन घटनाओं के बावजूद इस आक्रामक हाथी को नियंत्रित करने या सुरक्षित खदेड़ने में प्रशासनिक और वनीय उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है।
विज्ञापन
विज्ञापन