दीयों की छांव में उगाही का मेला : सूरजपुर नगर पालिका ने दीपावली पर गरीबों की उम्मीदों को भी 'टैक्स' में तौल दिया!
Subhas Gupta
Mon, Nov 9, 2026
सूरजपुर। एक तरफ जिला प्रशासन "लोकल के लिए वोकल बनिए, कुम्हारों के चाक को गति दीजिए, गरीबों के घर भी दीये जलने दीजिए।" लेकिन, प्रशासनिक दावों के इस चमकते हुए मुखौटे के पीछे सूरजपुर नगर पालिका ने जो खेल खेला, उसने बता दिया कि कागजी भाषणों और जमीन की हकीकत में जमीन-आसमान का फर्क होता है।
दीपावली का पावन पर्व, जब पूरा शहर खुशियों में सराबोर था, तब सूरजपुर के गर्ल स्कूल के पास एक ऐसा 'अमानवीय तमाशा' चल रहा था, जिसे देखकर पत्थरदिल इंसान का भी कलेजा कांप जाए।
फेस्टिवल ऑफर: गरीबों की मेहनत पर सीधे डाका!
शहर में कुछ घंटों के लिए गन्ने, फूल-माला, मिट्टी के दीये और पूजन सामग्री बेचने आए ग्रामीण और छोटे दुकानदार ठंड और धूप में पसीना बहा रहे थे। उन्हें लगा कि शायद सालभर में एक दिन ऐसा आया है जब वे दो पैसे कमाकर अपने बच्चों के चेहरे पर थोड़ी सी मुस्कान ला सकेंगे।
लेकिन, वे शायद यह भूल गए थे कि वे सूरजपुर में हैं, जहाँ नगर पालिका के नुमाइंदों की नजरों से किसी की मेहनत बच नहीं सकती। दो कर्मचारी हाथ में रसीद बुक लहराते हुए पहुंचे और ऐसा फरमान सुनाया कि दुकानदार सन्न रह गए— "दो सौ रुपए लाओ, वरना दुकान समेट कर यहां से नौ दो ग्यारह हो जाओ!"
"बाबूजी, रहम करो... अभी 50 रुपए ही कमाए हैं!"
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वह वीडियो सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि हमारी पूरी व्यवस्था की नैतिक लाश है।
वीडियो में साफ दिखता है कि एक फूल-माला बेचने वाला गरीब शख्स हाथ जोड़े, जमीन पर गिड़गिड़ा रहा है— “साहब, सुबह से बमुश्किल 40-50 रुपए ही कमाए हैं। पूरा दो सौ तो मुमकिन ही नहीं है, कुछ देर में दे दूंगा भाई...” लेकिन उन कारिंदों के सीने में दिल की जगह शायद कोई पत्थर धड़क रहा था। उन्होंने न तो उस लाचार की मिन्नतें सुनीं, न उसकी खाली झोली पर तरस खाया। गरीबों की आहों और आंसुओं का मोल लगाने वाले इन साहबों ने झिड़कते हुए उन्हें वहां से खदेड़ने का फरमान सुना दिया। वाह रे नगर पालिका! दीये बेचने वाले खुद अंधेरे में थे, और पालिका वाले उनकी उस दो कौड़ी की रोशनी को भी लूटने में मशगूल थे।
सवाल यह है कि क्या सूरजपुर नगर पालिका का खजाना इतना खाली हो गया है कि अब उसे अपना चूल्हा जलाने के लिए दो-चार घंटे के लिए दुकान लगाने वाले उन अभागों की जेब काटनी पड़ रही है, जो खुद फुटपाथ पर रात गुजारने को विवश हैं?
सोशल मीडिया पर हो रही 'जय-जयकार'
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया के गलियारों में आग की तरह फैल चुका है और सूरजपुर नगर पालिका की इस 'अमानवीय वसूली' की जमकर जय-जयकार हो रही है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या नगर पालिका के पास विकास के नाम पर सिर्फ गरीबों को उजाड़ने और उनसे अवैध वसूली करने के अलावा कोई और हुनर नहीं बचा है?
अगर प्रशासन में जरा भी नैतिकता या शर्म बची है, तो इस वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर उन वसूलीबाजों पर कार्रवाई होनी चाहिए— वरना यह मान लेना चाहिए कि गरीबों की दिवाली कभी आती ही नहीं, उनके नसीब में सिर्फ सिस्टम का कोड़ा और नगरपालिका की रसीद लिखी है।
विज्ञापन
विज्ञापन