जिम्मेदारों की लापरवाही से उजड़ रहे घर : सूरजपुर में गूंजीं हाथियों की चीखें, हाथ पर हाथ धरे बैठी रही सोई हुई व्यवस्था!
Subhas Gupta
Mon, Nov 9, 2026
सूरजपुर। रोशनी और जश्न के पर्व दीपावली की रात जहाँ पूरा देश दीयों की जगमगाहट और पटाखों की गूँज में डूबा था, वहीं छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कुदरत का एक ऐसा खूनी तांडव देखने को मिला, जिसने खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। जिले में हाथियों के आतंक ने ऐसा खौफनाक तांडव मचाया कि दीवाली की रात दो अलग-अलग जगहों पर दो बेकसूरों की अर्थियां उठ गईं। लेकिन सवाल यह है कि इन मौतों का असली गुनहगार कौन है—वह जंगली हाथी, या फिर गहरी नींद में सोता हुआ लापरवाह वन विभाग?
खेत की रखवाली करने गए किसान को दी मौत
पहली दर्दनाक वारदात प्रतापपुर वन परिक्षेत्र से जुड़ी है, जहाँ खेतों की रखवाली कर रहे मट्टूलाल (40 वर्ष, पिता लालसाय, निवासी ग्राम पंचायत सोनपुर के पंडोपारा) को मौत के घाट उतार दिया गया। बेचारा किसान अपने परिवार के दो जून की रोटी के जुगाड़ में धान की फसल बचाने खेत पर पहरा दे रहा था, उसे क्या पता था कि जिस माटी की वो रखवाली कर रहा है, वहीँ उसकी जिंदगी का आखिरी सूरज डूबने वाला है।
'कबरा हाथी': एक हफ्ते में तीन जिंदगियां लीं, छह महीने में 13 की बलि!
दूसरी घटना सकलपुर गाँव की है, जहाँ आतंक का पर्याय बन चुके 'कबरा हाथी' ने देर रात एक युवक को बेरहमी से कुचलकर मार डाला। खौफ की इंतहा यह है कि इसी 'कबरा हाथी' द्वारा पिछले एक सप्ताह के भीतर किसी की जान लेने की यह तीसरी घटना है! इससे पहले वह अखोरा गाँव में भी दो बेकसूरों को मौत की नींद सुला चुका है।
आंकड़े सिस्टम के माथे पर कालिख पोतने के लिए काफी हैं—अकेले इसी 'कबरा हाथी' ने पिछले 6 महीनों के भीतर इस इलाके में 13 इंसानी जिंदगियों को लील लिया है। बावजूद इसके, वन विभाग और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की नींद से जैसे जड़ता हट ही नहीं रही है।
करोड़ों के 'रेस्क्यू सेंटर' पर ताला या सिस्टम की लाचारी?
जनता चीख-चीख कर इस आदमखोर हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू सेंटर में डालने की गुहार लगा रही है, लेकिन जिम्मेदारों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर करोड़ों रुपये खर्च करके बनाए गए हाथी रेस्क्यू सेंटर का क्या उपयोग है?
जब ऐसे खूंखार और आक्रामक हाथी को काबू करने के लिए वह सेंटर काम नहीं आ सकता, तो वह महज़ सरकारी तिजोरी की बर्बादी का एक और स्मारक बनकर क्यों खड़ा है?
हर वक्त आक्रामक मुद्रा में रहने वाले इस 'कबरा हाथी' के आगे जनता तो बेबस है ही, रात में इसकी मानिटरिंग करने वाले मैदानी वन कर्मचारी भी अपनी जान हथेली पर लेकर घूमने को मजबूर हैं।
मौत का यह सिलसिला कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि सिस्टम की सुस्ती और अफसरों की आपराधिक लापरवाही का प्रत्यक्ष परिणाम है। क्या वन विभाग और सरकार को इन 13 मौतों के बाद भी किसी बड़े हादसे का इंतजार है, या फिर तब तक यूं ही बेकसूरों की लाशें गिरती रहेंगी?
विज्ञापन
विज्ञापन