रफ़्तार का कहर : आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, एक युवक की हालत गंभीर
Subhas Gupta
Tue, Nov 10, 2026
सूरजपुर। जिले में तेज रफ्तार का तांडव एक बार फिर देखने को मिला है। करंजी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोहागपुर नाला के पास दो तेज रफ्तार बाइकें आपस में आमने-सामने जा टकराईं। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि इलाके में हड़कंप मच गया और इस दर्दनाक हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस भयानक भिड़ंत में सुहागपुर निवासी आनंद राजवाड़े गंभीर रूप से घायल हो गया, जो सड़क पर खून से लथपथ हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने बिना एक पल गंवाए त्वरित कार्रवाई की। टीम के सतर्क सदस्य प्रमेन्द्र शर्मा और वाहन चालक आनंद राम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की।
उन्होंने बिना देर किए घायल आनंद राजवाड़े को अपनी पेट्रोलिंग वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और समय पर भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि समय पर मेडिकल सहायता नहीं मिलती, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
अस्पताल में जारी है इलाज
फिलहाल गंभीर रूप से घायल आनंद राजवाड़े का अस्पताल में सघन उपचार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर अनियंत्रित रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, वहीं हाईवे पेट्रोलिंग टीम की त्वरित और सराहनीय मदद ने हर किसी का दिल जीत लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन