आदमखोर कबरा कान' हाथी के सामने नमस्तक हुआ विभाग : 17 लाशें गिनने के बाद भी गहरी नींद में सोया 'सिस्टम': क्या सूरजपुर में इंसान की जान की कीमत कुछ भी नहीं है?
Subhas Gupta
Tue, Nov 10, 2026
खून से सनी जमीन और कागजों में दौड़ती फाइलें!
सूरजपुर। जिला इन दिनों किसी श्मशान घाट से कम नहीं बन गया है, जहाँ 'कबरा कान वाले हाथी' का खूनी तांडव खुलेआम चल रहा है। छह महीने, 17 लाशें और सिर्फ सात दिन में 5 इंसानों की अर्थियां—यह आंकड़े नहीं, बल्कि उस नाकारा और बहरे हो चुके प्रशासनिक तंत्र के माथे पर कलंक का काला टीका हैं, जो एसी कमरों में बैठकर सिर्फ तमाशा देख रहा है। दीपावली के दीयों की रोशनी के बीच मासूमों के घर उजड़ गए, लेकिन इन सरकारी बाबुओं की संवेदनशीलता की बत्ती गुल ही रही।
नाती-नतनीन देखने की सजा 'मौत'?
कन्दरई क्षेत्र में 55 वर्षीय विसुन जी का कत्ल सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि इस हत्यारी व्यवस्था की नाकामी का जीता-जागता सबूत है। वे अपने समधी के घर नाती-नतनीन का हंसता-खेलता चेहरा देखने गए थे, क्या उन्हें पता था कि लौटते वक्त सिस्टम की लापरवाही उन्हें सीधे यमराज के दरवाजे पर छोड़ देगी? हाथी फसलों को रौंदते हुए इंसानों को कुचलता रहा, और प्रशासन अपनी कागजी फाइलों के रजाई में मुंह छिपाकर सोता रहा। जब तक इंसानों की सांसें उखडती रहीं, तब तक ये हुक्मरान अपनी कुर्सियों को बचाने के तिकड़म भिड़ाते रहे।
वन विभाग का ढोंग: "अभी तो सिर्फ 17 मरे हैं, थोड़ा और इंतजार करो!"
छह महीने में 17 घर वीरान हो जाने के बाद अब वन विभाग के सूरमाओं को ज्ञान सूझा है कि वे हाथी को 'ट्रैंकुलाइज' करेंगे और गले में 'रेडियो कॉलर' पहनाएंगे। शर्म आनी चाहिए इस कार्यप्रणाली पर! क्या 17 जानें जाने से पहले विभाग गहरी कोमा में था? जब तक और लाशें नहीं गिरेंगी, तब तक क्या इनकी फाइलें आगे नहीं बढ़ेंगी? जनता खौफ के साये में जीने को मजबूर है, बच्चे घरों में कैद हैं, और जिम्मेदार अधिकारी विज्ञप्ति जारी कर अपनी नाकामी छिपाने में जुटे हैं।
एक तीखा सवाल
सूरजपुर का हर चौराहा, हर गांव आज दहशत के साये में कांप रहा है। फाइलें पलटाई जा रही हैं, झूठे आश्वासन बांटे जा रहे हैं।
अब जनता पूछती है—क्या यह सरकार और वन विभाग किसी बड़े जनसंहार का इंतजार कर रहा है, या फिर इस 'कबरा कान' आदमखोर के सामने पूरा प्रशासन घुटने टेक चुका है?
विज्ञापन
विज्ञापन