दर्दनाक सड़क हादसा : पैरेंट्स मीटिंग से पिता के साथ लौट रही 13 वर्षीय रिद्धिमा की मौके पर मौत, अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचला
Subhas Gupta
Fri, Oct 16, 2026
सूरजपुर। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय मासूम छात्रा रिद्धिमा जैन की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रिद्धिमा अपने पिता पंकज जैन के साथ स्कूल में आयोजित पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग (PTM) में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। केशवनगर के समीप सामने चल रहे गिट्टी लदे ट्रैक्टर के चालक ने अचानक लापरवाहीपूर्वक वाहन को मोड़ दिया। इस अप्रत्याशित मोड़ के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी रिद्धिमा छिटककर सड़क पर जा गिरी।
इससे पहले कि कोई संभल पाता, अनियंत्रित ट्रैक्टर का पिछला पहिया बच्ची के सिर को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आंखों के सामने लाडली की इस तरह हुई मौत से बदहवास पिता की चीखों ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। अचानक घटे इस खौफनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन