ज्ञापन : राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया सरल करने मुख्यमंत्री से मांग, सरपंच संघ ओड़गी ने सौंपा ज्ञापन
Subhas Gupta
Fri, Oct 16, 2026
जाति और निवास प्रमाण पत्र की अनिवार्यता से गरीब परिवार परेशान, वैकल्पिक दस्तावेज स्वीकार करने की उठाई मांग
सूरजपुर। गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड बनवाने में आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए सरपंच संघ, ब्लॉक इकाई ओड़गी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रक्रिया सरल एवं सुगम बनाने की मांग की है। सरपंच संघ ओड़गी के ब्लॉक अध्यक्ष गजमोचन सिंह ने ज्ञापन में बताया कि राशन कार्ड बनवाने के लिए जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न दस्तावेजों की मांग की जाती है। कई गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पास ये दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण वे राशन कार्ड बनवाने से वंचित रह जाते हैं। इसके चलते पात्र हितग्राहियों को शासन की खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जिन नागरिकों के पास जाति एवं निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए नियमानुसार वैकल्पिक दस्तावेज स्वीकार करने की व्यवस्था की जाए। साथ ही राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को सरल बनाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार खाद्यान्न सहायता से वंचित न रहे।
सरपंच संघ ने शासन से जनहित में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है। संघ का कहना है कि दस्तावेजों के अभाव में गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना न पड़े और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन