उच्चस्तरीय जांच की मांग : शिक्षिका और उनके पुत्र की संदिग्ध मौत का मामला गरमाया: कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की मांग
Subhas Gupta
Wed, Oct 14, 2026
सूरजपुर। शासकीय माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका रजनी बेरठ और उनके पुत्र सुजल बेरठ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर बुधवार को शहर व ब्लॉक कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया एवं ब्लॉक कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष जफर हैदर ने संयुक्त रूप से किया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस संवेदनशील मामले को सामान्य प्रकरण मानकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों की वैज्ञानिक व गंभीरता से पड़ताल कर वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए।
कांग्रेस ने ज्ञापन में रखीं 5 प्रमुख मांगें:
उच्चस्तरीय जांच: पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
साक्ष्यों की वैज्ञानिक पड़ताल: घटनास्थल और उससे जुड़े सभी फॉरेंसिक व भौतिक साक्ष्यों का सूक्ष्मता से विश्लेषण हो।
गवाहों व संबंधितों के बयान: घटना से जुड़े सभी संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर तथ्यों का सत्यापन किया जाए।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई: यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उसके विरुद्ध कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार को न्याय: पूरी जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतते हुए पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय सुनिश्चित किया जाए।
'प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष पड़ताल जरूरी'
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मां-बेटे की संदिग्ध मौत अत्यंत दुखद और विचारणीय है। न्याय की शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि जांच के दौरान किसी भी पहलू को अनदेखा न किया जाए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और वास्तविक दोषी बच न पाएं। पुलिस प्रशासन की आधिकारिक जांच रिपोर्ट और मेडिकल निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अविनाश यादव, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू, संगठन महामंत्री भावना सिंह नेताम, राजेश साहू, मुस्तफा खान, सावित्री शर्मा, इमरान अंसारी सहित कई अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन