शारदीय नवरात्र का शुभारंभ : रगदा में भव्य कलश यात्रा के साथ, मां दुर्गा के जयकारों से गुंजायमान हुआ अंचल
Subhas Gupta
Sun, Oct 11, 2026
गोबरी नदी से पवित्र जल भरकर श्रद्धालुओं ने किया ग्राम भ्रमण, घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय शक्ति आराधना शुरू
सूरजपुर। भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रगदा में शारदीय नवरात्र महापर्व का शुभारंभ अपार श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ हुआ। प्रथम दिवस पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में पूरा गांव माता के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।
धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में श्रद्धालु सर्वप्रथम पारंपरिक वाद्य यंत्रों और माता के जयघोष के बीच गोबरी नदी पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र जल का उठाव कर कलश भरे गए। इसके पश्चात यात्रा ने पूरे गांव का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान श्रद्धालु विभिन्न देवालयों में पहुंचे, जहां देवी-देवताओं का विधिवत आह्वान कर सुख-शांति की मंगलकामना की गई।
गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलश यात्रा मुख्य भागवत पंडाल पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाज से घट स्थापना संपन्न कराई गई। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि और आरोग्य की प्रार्थना की।
बुराई पर अच्छाई की विजय और शक्ति की उपासना के इस पावन पर्व पर रगदा में सार्वजनिक दुर्गा पूजा को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पहले ही दिन से समूचा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग गया है, और आगामी नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन