धर्म : श्री नवयुवक दुर्गा मंडल के अध्यक्ष बने राजेश अग्रवाल ‘राजू’, 19वीं बार मिली जिम्मेदारी
Rajesh Soni
Sat, Oct 10, 2026
सूरजपुर। नगर की प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री नवयुवक दुर्गा मंडल की वार्षिक बैठक भैयाथान रोड स्थित मां दुर्गा दरबार परिसर में संपन्न हुई। बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर वर्ष 2026-27 के लिए नवीन कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस दौरान राजेश अग्रवाल ‘राजू’ को पुनः मंडल का अध्यक्ष चुना गया। वे लगातार 18 वर्षों से अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस वर्ष उन्हें 19वीं बार अध्यक्षीय दायित्व सौंपा गया है।
48 नए सदस्य जुड़े, सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चयन
मंडल की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित तथा व्यापक बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में 48 नए सदस्यों ने संस्था की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं विभिन्न समितियों के प्रभारियों का चयन किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी में धर्मवीर अग्रवाल को मार्गदर्शक, मदनलाल गोयल को मंडल प्रमुख, राजेश अग्रवाल ‘राजू’ को अध्यक्ष, घनश्याम बंसल को कोषाध्यक्ष, हूलेश्वर प्रसाद गुप्ता को सचिव, नरेश बंसल को व्यवस्थापक तथा गैबीनाथ साहू को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसी प्रकार अश्वनी पांडेय, ललित अग्रवाल एवं वीरेंद्र गर्ग को पूजा प्रभारी बनाया गया। विनोद मित्तल एवं नंदकिशोर ठाकुर झांकी प्रभारी होंगे, जबकि प्रेमशंकर सोनी को साउंड प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। राजेश साहू, धर्मपाल राजवाड़े, मनोज गुप्ता, अनंत राम साहू एवं प्रेम ठाकुर को सह प्रभारी बनाया गया। वहीं, राजेश साहू को कार्यालय प्रभारी मनोनीत किया गया।
नवरात्रि की प्रथम तिथि तक चलेगा सदस्यता अभियान
मंडल प्रमुख मदनलाल गोयल ने बताया कि संस्था का सदस्यता अभियान नवरात्रि की प्रथम तिथि तक जारी रहेगा। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सहभागी बनने के इच्छुक श्रद्धालु इस अवधि में मंडल की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि की प्रथमा तिथि को भैयाथान रोड स्थित पंच मंदिर के मां दुर्गा दरबार में मंडल की ओर से प्रथम जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
नवरात्रि की सप्तमी को मनेगा 40वां वार्षिक उत्सव
इस वर्ष श्री नवयुवक दुर्गा मंडल अपना 40वां वार्षिक उत्सव नवरात्रि की सप्तमी तिथि को धूमधाम से मनाएगा। आयोजन को विशेष और यादगार बनाने के लिए मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
वार्षिक उत्सव में मंडल के भजन गायकों के साथ आमंत्रित बाहरी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को भक्ति संगीत और धार्मिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। वहीं, श्री दुर्गा पूजा समिति भैयाथान रोड (डीपीएस) के सदस्य भी भव्य पंडाल निर्माण और आकर्षक सजावट की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सरगुजा संभाग के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है मां दुर्गा दरबार
श्री नवयुवक दुर्गा मंडल एवं मां दुर्गा दरबार के प्रति सूरजपुर नगर सहित सरगुजा संभाग के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मंडल की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले जागरण एवं धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं।
मंडल के पदाधिकारियों ने समस्त श्रद्धालुओं से नवरात्रि के अवसर पर आयोजित जागरण एवं 40वें वार्षिक उत्सव में सहभागी बनने और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन