विवि में फीस वृद्धि के खिलाफ हल्ला बोल : सिलफिली में NSUI और छात्रों ने निकाली पदयात्रा, कॉलेज का घेराव कर सौंपा ज्ञापन
Subhas Gupta
Fri, Oct 9, 2026
सूरजपुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा द्वारा फीस में की गई बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को शासकीय महाविद्यालय सिलफिली के छात्र-छात्राओं और एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सिलफिली मुख्य मार्ग पर जोरदार पदयात्रा निकाली और महाविद्यालय पहुंचकर घेराव किया।
प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों ने कुलपति के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई फीस को तत्काल वापस लेने की मांग की। छात्रों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं। पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच अचानक फीस बढ़ाना विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अनुचित आर्थिक बोझ डालना है, जिससे कई छात्रों की उच्च शिक्षा प्रभावित हो सकती है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने इसे छात्रों पर अत्याचार बताते हुए कहा कि शिक्षा हर युवा का अधिकार है और आर्थिक तंगी पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द राहत प्रदान करे, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में एनएसयूआई कोषाध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह, जिला महासचिव शिवम साहू, लटोरी ब्लॉक अध्यक्ष यश दास, पीयूष कुशवाहा, सौरभ चौधरी सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन