मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी : सड़क किनारे मिला पुत्र का शव, घर के बंद कमरे में मृत मिलीं शिक्षिका मां
Subhas Gupta
Sun, Oct 11, 2026
सूरजपुर। जिले में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को पहले छात्र सुरजन का शव महावीरपुर के कालीघाट रोड के पास मिला। इसके कुछ घंटे बाद देर शाम उसकी मां रजनी, जो पेशे से शिक्षिका बताई जा रही हैं, घर के अंदर एक बंद कमरे में मृत पाई गईं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दोनों के शुक्रवार से लापता होने की जानकारी भी सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को महावीरपुर कालीघाट रोड के पास सुरजन का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि शव सड़क से करीब 25 मीटर दूर पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। छात्र की मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
कुछ घंटे बाद बंद कमरे में मिली मां की लाश
छात्र का शव मिलने के कुछ घंटे बाद देर शाम उसकी मां रजनी का शव घर के अंदर एक बंद कमरे में मिला। मां-बेटे की मौत की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। दोनों की मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस दोनों की मौत से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की परिस्थितियों और संभावित कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विधायक और मंत्री प्रतिनिधि भी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। पूरा मामला जयनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति
मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन