भास्करपारा कोल माइंस विवाद : प्रकाश इंडस्ट्रीज के कथित फर्जी प्रस्ताव पर ग्रामीणों का कड़ा ऐतराज, प्रशासन संग बातचीत जारी
Subhas Gupta
Mon, Oct 12, 2026
सूरजपुर। भैयाथान विकासखंड अंतर्गत भास्करपारा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज कोल माइंस परियोजना को लेकर विवाद गहरा गया है। कथित फर्जी ग्राम सभा प्रस्ताव के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों के तेवर कड़े होते देख प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम और तहसीलदार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं, जहां ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच सीधी वार्ता चल रही है।
अवैध प्रस्ताव का आरोप, ग्रामीण लामबंद
ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि कोल माइंस परियोजना के पक्ष में ग्राम सभा का फर्जी प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें स्थानीय निवासियों की सहमति नहीं ली गई। इस कथित फर्जीवाड़े के सामने आते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और प्रस्ताव को तत्काल रद्द करने की मांग पर अड़ गए।
प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात
विरोध की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार समेत राजस्व व पुलिस बल मौके पर डटा हुआ है। अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों से बिंदुवार चर्चा कर उनकी आपत्तियां सुन रहे हैं, ताकि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके। हालांकि, ग्रामीण अपनी जमीन और अधिकारों के मुद्दे पर किसी भी प्रकार के समझौते के मूड में नहीं दिख रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र पर प्रशासनिक नजर बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन