सूरजपुर में अग्रसेन जयंती महोत्सव संपन्न : भव्य शोभायात्रा और शिव तांडव की सजीव झांकी रही मुख्य आकर्षण, 70 प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
Subhas Gupta
Tue, Oct 13, 2026
सूरजपुर। महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल सभा सूरजपुर के तत्वावधान में आयोजित 'अग्रसेन सप्ताह महोत्सव' सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक वैभव और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय अग्रोहा भवन में 4 से 11 अक्टूबर तक चले इस साप्ताहिक आयोजन में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित 70 से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा और अग्रसेन चौक पर प्रस्तुत शिव तांडव की सजीव झांकी रही।
नगर भ्रमण में उमड़ा जनसैलाब, झांकियों ने मोहा मन
समारोह के अंतिम दिन विधिवत पूजा-अर्चना और अग्रभोज के पश्चात अग्रोहा भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा केतका रोड, अग्रसेन चौक, सुभाष चौक, भैयाथान रोड और मंदिर मार्ग से होते हुए पुनः अग्रोहा भवन पहुंचकर संपन्न हुई। रथ पर सवार महाराजा अग्रसेन की झांकी, पारंपरिक धुमाल बैंड और शैला नृत्य की प्रस्तुति पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र रही।
शोभायात्रा के स्वागत के लिए नगर में विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई थी, जिसमें केतका रोड पर महलवाला परिवार और भैयाथान रोड पर मेसर्स छैलूराम विनोद कुमार परिवार का विशेष सहयोग रहा।
अग्रसेन चौक पर शिव तांडव और आतिशबाजी का संगम
शोभायात्रा के उपरांत शाम को अग्रसेन चौक पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने भगवान शिव के दिव्य स्वरूप, शिव तांडव, शिव-पार्वती विवाह, और हनुमान चालीसा पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय संगीत और भव्य आतिशबाजी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम का आनंद लेने समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी भी उपस्थित रहे।
प्रतिभा सम्मान समारोह: अतिथियों ने बढ़ाया विजेताओं का उत्साह
सप्ताहभर चली खेलकूद, बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा संभागीय अग्रवाल महिला सभा की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े उपस्थित रहीं। अतिथियों ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज की नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और नैतिक संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
सामाजिक सहभागिता से सफल रहा आयोजन
महोत्सव के सफल संचालन में जयंती आयोजन समिति, अग्रवाल सभा, अग्रवाल सेवा समिति, अग्रवाल महिला मंडल, अग्रवाल नवयुवक समिति, अग्रोहा नवयुवती संगठन, मारवाड़ी युवा मंच (संस्कृति शाखा) और अग्रवाल महिला सम्मेलन की इकाइयों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन को सफल बनाने में अमृतलाल अग्रवाल, राजेश महलवाला, सुनील अग्रवाल, संजय केजरीवाल, अंकुर गर्ग, ममता अग्रवाल, गौरीश अग्रवाल, रक्षा अग्रवाल, तितिक्षा गोयल, आशा अग्रवाल और प्रज्ञा गोयल सहित समाज के विभिन्न पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन