सरकार के दरबार में साइबर डकैती : हौसले इतने बुलंद कि सत्ता पर ही डाल दिया हाथ,मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम पर 32 हजार की ऑनलाइन उगाही!
Subhas Gupta
Tue, Oct 13, 2026
मंत्री का WhatsApp हैक कर contacts को भेजा QR कोड
WhatsApp पर साइबर ठगों का डाका: UPI ब्लॉक होने का बहाना बना मांगे ₹32,000, OSD का नंबर भी निशाने पर
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ में साइबर शातिरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सीधे सत्ता के गलियारों में सेंधमारी कर रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से जुड़ा है, जिनका WhatsApp अकाउंट हैक कर लोगों से खुलेआम ₹32,000 की उगाही की कोशिश की गई। ठगों ने न सिर्फ मंत्री बल्कि उनके OSD ओम प्रकाश राजवाड़े के अकाउंट को भी निशाना बनाकर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
'UPI ब्लॉक है, तुरंत पैसे भेजो'—ठगों की शातिर चाल
ठगों ने मंत्री के आधिकारिक रसूख का फायदा उठाने के लिए पूरा ड्रामा रचा। संपर्कों को आनन-फानन में संदेश भेजे गए कि "UPI ब्लॉक हो गया है, एक बेहद जरूरी भुगतान के लिए तुरंत ₹32,000 ट्रांसफर करें।" मैसेज के साथ QR कोड भी भेजा गया। जैसे ही यह मैसेज वायरल हुआ, राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में सनसनी फैल गई।
मंत्री बोलीं—'एक रुपया भी न भेजें, सब झांसा है'
मामले की भनक लगते ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तुरंत मोर्चा संभाला और जनता को आगाह किया:
"मुझे अभी सूचना मिली है कि मेरा WhatsApp अकाउंट हैक कर लिया गया है। मेरे नाम से आ रहे किसी भी संदेश या QR कोड पर पैसे ट्रांसफर न करें। ठगों के झांसे में आने से बचें और किसी भी लेन-देन से पहले सीधे पुष्टि जरूर करें।"
साइबर सेल की रडार पर हैकर्स
घटना के तुरंत बाद मामले की आधिकारिक शिकायत साइबर सेल में दर्ज करा दी गई है। पुलिस अब वायरल चैट, ट्रांजैक्शन लिंक और डिजिटल फुटप्रिंट्स की पड़ताल कर आईपी (IP) एड्रेस ट्रेस करने में जुटी है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी संगठित साइबर गिरोह ने इस हाई-प्रोफाइल नंबर को निशाना बनाया है।
साइबर अलर्ट: आप भी रहें सावधान
पहचान की पुष्टि करें: किसी भी परिचित, जन-प्रतिनिधि या वरिष्ठ अधिकारी के नाम से आने वाले 'अर्जेंट पेमेंट' वाले संदेशों पर बिना कॉल किए भरोसा न करें।
QR कोड और लिंक से दूरी: अनजान या संदिग्ध चैट में भेजे गए किसी भी QR कोड को स्कैन न करें और न ही बैंक OTP साझा करें।
विज्ञापन
विज्ञापन