ब्रेकिंग

सूरजपुर में साहबों का 'निरीक्षण मेला' संपन्न, जमीनी हकीकत जस की तस!

कॉलेज-ITI के 100 मीटर पर छलक रहे जाम, ABVP बोली— '3 नवंबर को चक्काजाम कर उतारेंगे खुमार'

आंगनबाड़ी में सेंध, चौकी में समाधान, बच्चों के निवाले पर लग गया ‘समझौते’ का ठप्पा

संयुक्त टीम ने की दो वाहन जब्त,थमाया चालान

छात्राओं ने विरोध किया तो मैडम तहसीलदार बोलीं— 'उठती हो कि थाने भिजवाऊं? 'वीडियो वायरल

सूचना

किताबों के बगल में ‘बोतल’ की दुकान : कॉलेज-ITI के 100 मीटर पर छलक रहे जाम, ABVP बोली— '3 नवंबर को चक्काजाम कर उतारेंगे खुमार'

Rajesh Soni

Fri, Oct 30, 2026

सूरजपुर। एक तरफ सरकार 'पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया' का नारा देती है, और दूसरी तरफ ओड़गी में प्रशासन ने नया फार्मूला निकाल लिया है—'पहले कॉलेज जाओ, फिर बगल से पौव्वा ले आओ!' शासकीय नवीन कॉलेज और ITI की बाउंड्री से महज 100-150 मीटर की दूरी पर अंग्रेजी शराब की दुकान ऐसे सीना ताने खड़ी है, मानो डिग्री के साथ मदिरा का 'प्रैक्टिकल' भी सिलेबस में शामिल कर दिया गया हो।

​ज्ञान के मंदिर के ठीक सामने छलकते इस जाम पर अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। प्रशासन की 'कुंभकर्णी नींद' के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए परिषद ने एसडीएम भैयाथान के नाम ज्ञापन का ऐसा डोज दिया है कि अफसरों के पसीने छूट गए हैं।

​8 अक्टूबर को दी थी अर्जी, पर अफसरों को नहीं आई शर्म!

छात्र नेताओं का कहना है कि जहां नौनिहालों को पेन और किताब लेकर जाना चाहिए, वहां सुबह से लेकर शाम तक शराबी डगमगाते कदमों से 'महफिल' सजाते हैं। 8 अक्टूबर को भी तहसीलदार साहब के टेबल पर ज्ञापन पटका गया था, लेकिन साहब लोगों ने शायद उसे रद्दी की टोकरी में डालकर आंखें मूंद लीं।

​"दुकान हटाओ, वरना 500 छात्र मिलकर उड़ाएंगे होश!"

ABVP के जिला संयोजक विकास ठाकुर ने दो टूक शब्दों में प्रशासन को ललकारते हुए कहा, "अधिकारियों को अगर शराब की खुशबू इतनी ही भाती है तो दुकान अपने दफ्तर के अंदर खुलवा लें! कॉलेज और ITI के सामने यह नौटंकी कतई नहीं चलेगी। अगर समय रहते यह ठेका नहीं हटा, तो 3 नवंबर को 500 छात्र सड़क पर बैठकर ऐसा चक्काजाम करेंगे कि प्रशासन का सारा नशा एक झटके में उतर जाएगा!"

​चेतावनी बिल्कुल साफ है—तारीख 3 नवंबर, दिन मंगलवार, दोपहर 12 बजे। ओड़गी मुख्य मार्ग पर 500 छात्रों का सैलाब उतरेगा और चक्का पूरी तरह जाम रहेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में विकास ठाकुर, निखिल गोयल, सेंटू गुप्ता, अभिषेक कुशवाहा, समर कुशवाहा, संदीप, स्नेहिल, शिवम और प्रियम समेत तमाम छात्र मौजूद रहे, जिन्होंने साफ कर दिया है कि अब अर्जी का वक्त खत्म... अब सीधे 'फर्जी व्यवस्था' पर वार होगा!

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें