बस में इंसान नहीं ‘भूसा’ निकला : संयुक्त टीम ने की दो वाहन जब्त,थमाया चालान
Subhas Gupta
Fri, Oct 30, 2026
सूरजपुर। जिले में परिवहन का ऐसा अद्भुत ‘मल्टी-टास्किंग’ मॉडल देखने को मिला कि चेकिंग करने उतरी संयुक्त टीम की आंखें भी फटी की फटी रह गईं। जब यातायात और परिवहन विभाग का अमला हाईवे पर उतरा, तो पता चला कि यहां गाड़ियां कम, नियमों का मखौल ज्यादा दौड़ रहा है।
हाईटेक बस स्टैंड से लेकर बिश्रामपुर तक चली इस जांच पड़ताल में 13 बसों को रोककर जब देखा गया, तो एक यात्री बस के भीतर इंसान नहीं, बल्कि ठाठ से ‘भूसा’ सफर करता मिला! विभाग ने भी कड़ा कदम उठाते हुए बस मालिक को ₹2000 का 'वीआईपी भूसा-भाड़ा' (शमन शुल्क) थमा दिया। वहीं एक अन्य बस हवा में जहर घोलने का रिकॉर्ड बना रही थी, जिसका वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र नदारद मिलने पर ₹800 का जुर्माना ठोककर रसीद थमाई गई।
कार्रवाई का असली तमाशा तो तब दिखा जब दो निजी जीप-कमांडर गाड़ियां पकड़ी गईं। कागजों में जो गाड़ियां 'घरेलू और निजी' होने का ढोंग कर टैक्स बचा रही थीं, वे धड़ल्ले से सवारियां भरकर अपनी समानांतर रोडवेज चला रही थीं। प्रशासन ने तुरंत 'कमांडर' की हेकड़ी निकालते हुए दोनों गाड़ियों को जब्त कर बिश्रामपुर थाने में आराम फरमाने भेज दिया।
कार्रवाई के अंत में अधिकारियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा और नियमों का वही पुराना और बहुचर्चित 'ज्ञान' भी दिया, जिसे चालक हर बार चालान कटवाने के बाद एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देने के लिए मशहूर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन