ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन : पुतला जलाया पुलिस घेरा तोड़ कलेक्ट्रेट में घुसे कार्यकर्ता, गांधी प्रतिमा के सामने गरजे
Rajesh Soni
Wed, Oct 7, 2026
सूरजपुर में कांग्रेस का विशाल विरोध मार्च: माता कर्मा चौक से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, मुख्य द्वार पर फूंका पुतला
'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारों से गूंजा परिसर, जिलाध्यक्ष शशि सिंह बोलीं—लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं
सूरजपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने बुधवार को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आक्रामक प्रदर्शन किया। माता कर्मा चौक से शुरू हुआ विरोध मार्च कलेक्ट्रेट तक पहुंचा, जहां सैकड़ों की तादाद में जुटे कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार और संबंधित प्रशासनिक तंत्र के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर शक्ति प्रदर्शन किया।
फूंका पुतला, गूंजे तीखे नारे
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कांग्रेस कार्यकर्ता माता कर्मा चौक से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। मार्च के दौरान "लोकतंत्र की हत्या बंद करो" और "वोट चोर गद्दी छोड़" जैसे तीखे नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही उग्र कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और अपना कड़ा आक्रोश जताया।
बैरिकेडिंग बेअसर, गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना
पुतला दहन के तुरंत बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के भीतर दाखिल होने का प्रयास किया। प्रशासनिक सुरक्षा के तमाम इंतजाम धरे के धरे रह गए और पुलिस बल मूकदर्शक बना खड़ा रहा। प्रदर्शनकारी पुलिस को छकाते हुए सीधे कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर गए और वहां स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठ गए। राष्ट्रपिता की प्रतिमा के सामने कार्यकर्ताओं ने देर तक नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र की बहाली की मांग की।
जब तक इस्तीफा नहीं, तब तक संघर्ष जारी: शशि सिंह
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को तार-तार कर लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी। प्रदर्शन में जिले भर से आए प्रमुख पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन