निलंबित : स्कूल समय में शराब पीकर हंगामा करने वाले प्रधान पाठक निलंबित
Rajesh Soni
Thu, Jul 9, 2026
सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला, खोरखोरीपारा के प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर विद्यालयीन समय में शराब के नशे में धुत रहने और सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप है।
क्या था मामला?
प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वे स्कूल समय के दौरान अत्यधिक नशे की हालत में पाए गए। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने विद्यालय परिसर के समीप न केवल शराब का सेवन किया, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी किया। नशे में जमीन पर लेटे हुए उनके इस कृत्य से विद्यालय की गरिमा धूमिल हुई और छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी की सख्त कार्रवाई
विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामानुजनगर द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन मानते हुए हरिनंदन सिंह को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित कर दिया गया है। उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए नियम 14 के तहत उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है।
विरोधाभास: 'नशा मुक्त' दावे और धरातल की सच्चाई
एक ओर सूरजपुर जिला प्रशासन नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता और अभियानों का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा जैसे पवित्र पेशे से जुड़े व्यक्तियों द्वारा इस तरह का आचरण प्रशासन के दावों पर सवालिया निशान लगाता है। जहाँ एक तरफ जिले में नशा मुक्ति के संकल्पों को लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की चर्चाएं हैं, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों का ऐसा बर्ताव जमीनी हकीकत को बयां करता है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन