भव्य कांवड़ पदयात्रा : बोल बम' के जयघोष से गुंजायमान होगी सूरजपुर नगरी,16अगस्त को ऐतिहासिक जमड़ी धाम के लिए प्रस्थान करेगी भव्य कांवड़ पदयात्रा
Rajesh Soni
Tue, Aug 11, 2026
सूरजपुर। सावन के पवित्र और भक्तिमय माह में भगवान नर्मदेश्वर महादेव के जलाभिषेक हेतु प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित जमड़ी कांवड़ पदयात्रा की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मां दुर्गे स्वाभिमान युवा कल्याण समिति के तत्वावधान में आगामी 16 अगस्त को प्रातः 6:00 बजे शिवभक्तों का विशाल जत्था रेणुका नदी के पावन छठ घाट से पवित्र जल लेकर 25 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक जमड़ी धाम के लिए प्रस्थान करेगा। नागपंचमी के पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाली इस श्रद्धायात्रा को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में अपार उत्साह और भक्ति का वातावरण है। कांवड़ियों की सुगम और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने हेतु संपूर्ण मार्ग में भक्तिभाव से ओतप्रोत होकर विभिन्न सेवाभावी परिवारों एवं समितियों द्वारा जलपान व भोजन की भव्य व्यवस्था की गई है। महंगवा में बजरंग राजवाड़े एवं साथी,पर्री में आत्मा साहू व साथी एवं अग्रवाल परिवार, उचड़ीह में दीपक साहू एवं साथी, बसदई में बसदई चौकी परिवार, करकोटी में रजनीश पांडे एवं साथी,जमड़ी धाम परिसर में अमरदीप सोनी (सायंकालीन अल्पाहार), दिनेश गुप्ता (प्रातःकालीन अल्पाहार), मुकेश साहू (महाप्रसाद),रात्रि विश्राम एवं महाभंडारा जिंदिया परिवार (सूरजपुर) द्वारा शिवभक्तों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था।
आकर्षक झांकियों संग भजनों की अमृत वर्षा, गूंजेगा जगराता
16 अगस्त की संध्या जमड़ी धाम में 'मां बागेश्वरी जागरण मंच' (BJM म्यूजिकल ग्रुप) के सौजन्य से एक भव्य एवं अलौकिक जगराते का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मध्य प्रदेश से पधारे कलाकारों द्वारा मनमोहक और अद्भुत झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। भक्ति संध्या में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक विवेक शर्मा, भोजपुरी गायक पीयूष राज, अविनाश पुरी, अंजलि गंगवाल तथा 'लव मी इंडिया' फेम स्तुति जायसवाल अपनी सुमधुर वाणी से भजनों की अमृत वर्षा करेंगे।
2010 से निरंतर प्रज्वलित है आस्था की यह अलख
वर्ष 2010 में मां दुर्गे स्वाभिमान युवा कल्याण समिति के समर्पित युवाओं द्वारा मात्र कुछ श्रद्धालुओं के साथ प्रारंभ की गई यह यात्रा आज 17वें वर्ष में एक विशाल जन-सैलाब का रूप ले चुकी है। इस धार्मिक अनुष्ठान में सूरजपुर नगर तथा ग्रामीण अंचलों से बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं अपार श्रद्धा के साथ 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के गगनभेदी जयघोष के साथ सहभागिता करते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन