सेवा संकल्प अभियान : PM मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में भाजपा चलाएगी 'सेवा संकल्प अभियान'
Rajesh Soni
Sun, Sep 13, 2026
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देश भर में आयोजित होगा एक माह का विशेष अभियान
सूरजपुर जिले में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत प्रज्ज्वलित होंगे 1,11,111 दीप
सूरजपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक व राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। रविवार को जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने यह जानकारी दी।
अनुराग सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में देश वैश्विक स्तर पर मजबूत होकर 'विकसित भारत' के संकल्प की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को श्री मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन के इस ऐतिहासिक पड़ाव के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसके उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े का विस्तार करते हुए इसे एक माह का अभियान बनाया गया है।
राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक होंगे सेवा कार्य
इस एक माह के दौरान राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न रचनात्मक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
प्रमुख गतिविधियां: 'नमो सेवा गाथा', 'विकसित भारत संकल्प यात्रा', 'आशीर्वाद का दीया', 'वडनगर से वाराणसी यात्रा', 'सेवा स्मरण' और 'कहानी बदलाव की'।
युवा एवं नवाचार: 'राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज', 'सेवा सेतु अभियान', 'रंगोली राष्ट्र' तथा 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां।
सूरजपुर का संकल्प: 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन पर जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं व आमजनों की सहभागिता से 1,11,111 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन