सरगना गिरफ्तार : 4.24 करोड़ के गांजा तस्करी मामले में मुख्य सरगना गिरफ्तार, जयनगर पुलिस ने कटनी जेल के बाहर से दबोचा
Subhas Gupta
Sat, Oct 3, 2026
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार; 848 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त बस पहले ही हो चुकी है जब्त
झाड़ू की आड़ में ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी खेप
सूरजपुर। जयनगर पुलिस ने 4 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 848.65 किलो गांजा तस्करी मामले के मुख्य सरगना को मध्य प्रदेश के कटनी से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार 4 जून को अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस (क्रमांक CG 15 EH 4301) में झाड़ू की बोरियों के भीतर भारी मात्रा में गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही है। जयनगर पुलिस ने सिलफिली के पास घेराबंदी कर बस को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान बस की सीटों के ऊपर व नीचे रखी 53 बोरियों से 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से बस चालक सहित 6 महिला तस्करों को गिरफ्तार कर बस व गांजा जब्त कर लिया था। इसके बाद 24 अगस्त को गिरोह के एक अन्य सदस्य जाजोन सिंह (निवासी बरही, कटनी) को भी पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए 'एंड-टू-एंड' विवेचना जारी रखी गई। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह का मुख्य सरगना अरसेन धुर्वे उर्फ पवार (35 वर्ष, निवासी विजयराघवगढ़, कटनी) आर्म्स एक्ट के मामले में कटनी जिला जेल में बंद था और हाल ही में रिहा होने वाला है। सूचना पर पहुंची जयनगर पुलिस की टीम ने कटनी जेल के बाहर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने झाड़ू फैक्ट्री से माल लाने का झांसा देकर 5-10 हजार रुपये के लालच में ग्रामीणों को इस काम में लगाया था। वह ओडिशा के राउरकेला से गांजा व झाड़ू पिकअप के जरिए अंबिकापुर लाया और वहां से मध्य प्रदेश के विजयराघवगढ़ जाने के लिए पूरी बस बुक की थी, जिसे सिलफिली के पास पुलिस ने पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, एसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का, आरक्षक जितेन्द्र साहू एवं हरि सिंह की मुख्य भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन