लुट : लिफ्ट देकर लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, मध्य प्रदेश में भी दर्ज हैं कई केस
Subhas Gupta
Sat, Oct 3, 2026
सूरजपुर। ओड़गी थाना पुलिस ने ग्रामीण से 5 हजार रुपये की लूट के मामले में एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और उसके खिलाफ मध्य प्रदेश के कई थानों में भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, भवरखोह निवासी जेठू सिंह 20 अगस्त को ओड़गी लोक सेवा केंद्र से पैसे निकालकर बस स्टैंड पर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की मोपेड लेकर पहुंचा और गांव तक लिफ्ट देने की बात कही। रास्ते में पालदनौली जंगल के पास उसने जबरन जेठू सिंह से 5 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ओड़गी साप्ताहिक बाजार से संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रीराम गुप्ता उर्फ लंबू (निवासी दर्रीपारा, हाल मुकाम सिंगरौली, म.प्र.) बताया। सीसीटीवी फुटेज और शिनाख्ती के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मध्य प्रदेश के कई थानों में नामजद है और बलरामपुर के बसंतपुर थाने का स्थाई वारंटी भी है। वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर भेज दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन