पारिवारिक कलह में खूनी खेल : पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचे युवक ने छह वर्षीय भतीजे और ससुर पर पेट्रोल उड़ेल लगाई आग, मासूम गंभीर
Subhas Gupta
Sat, Oct 3, 2026
सूरजपुर: रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रामेश्वरम में पारिवारिक कलह ने आधी रात रूह कंपा देने वाला रूप ले लिया। पत्नी के मायके से वापस न लौटने से आक्रोशित दामाद ने ससुराल में घुसकर सो रहे छह वर्षीय मासूम भतीजे और ससुर पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। अचानक भड़की लपटों से मासूम बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद चीख-पुकार मचने पर जुटे परिजनों ने आग बुझाई और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खालपारा निवासी भजन सिंह और उसकी पत्नी संगीता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मारपीट से तंग आकर संगीता मायके रामेश्वरम आकर रहने लगी थी। पत्नी को तलाशते हुए भजन सिंह ससुराल पहुंचा था, लेकिन उसके न मिलने पर उसने ससुर, साले सहित परिवार को जान से मारने की खुली धमकी दी थी। धमकी के बाद 29 सितंबर की देर रात भजन सिंह दोबारा ससुराल पहुंचा। वह चुपके से लकड़ी का मुख्य गेट खोलकर भीतर दाखिल हुआ और कमरे में सो रहे छह वर्षीय सत्यम तथा अपने ससुर जय सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही पूरा घर चीखों से गूंज उठा। परिजनों ने किसी तरह लपटों पर काबू पाकर गंभीर रूप से झुलसे सत्यम को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसके हाथ, पैर, कान, बांह, पीठ और जांघ का उपचार चल रहा है। परिवार की शिकायत पर रामानुजनगर पुलिस ने भजन सिंह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 109 और 332(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन