राजस्व रीढ़ हैं पटवारी : धरने पर बैठे पटवारियों के बीच पहुंचीं शशि सिंह, बोली जायज मांगों के लिए सरकार करे पहल, हर मोर्चे पर साथ हैं हम
Rajesh Soni
Wed, Nov 11, 2026
सूरजपुर। अपनी मांगों के समर्थन में मैदान में डटे पटवारियों का हौसला बढ़ाने अब राजनीतिक दल भी खुलकर सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी ने पटवारियों की हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन दे दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह और जिला महामंत्री संजय डोसी ने सीधे हाईटेक बस स्टैंड स्थित धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनरत पटवारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों पर चट्टान की तरह साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। धरना स्थल पर पटवारियों की समस्याएं सुनते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने दो टूक कहा कि पटवारी व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो ग्रामीण अंचल तक आम जनता को राजस्व सेवाएं पहुंचाते हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन को नसीहत दी कि इनकी जायज मांगों को अनसुना करने के बजाय संवाद के जरिए सकारात्मक पहल की जानी चाहिए, ताकि जनता की परेशानी भी थमे और पटवारियों को न्याय मिले। इस दौरान पटवारी संघ ने अपनी मांगों से जुड़ा विस्तृत ज्ञापन जिलाध्यक्ष को सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस आंदोलन में सिर्फ नैतिक समर्थन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पटवारियों की आवाज को हर मंच पर पूरी ताकत से बुलंद करेगी। इस समर्थन और मेल-मुलाकात के दौरान जिला महामंत्री संजय डोसी के साथ-साथ बड़ी संख्या में हड़ताली पटवारी और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिससे आंदोलन को एक नई राजनीतिक और सामाजिक ऊर्जा मिलती दिख रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन