कन्या छात्रावास में विवाद : छात्राओं ने प्रबंधक पर लगाए गंभीर आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
Subhas Gupta
Thu, Oct 1, 2026
सूरजपुर: रेवती रमण कन्या छात्रावास में प्रबंधक की कथित मनमानी और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्रावास की छात्राओं ने प्रबंधक निरजा भगत के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना, मेस संचालक से अवैध कमीशन मांगने और व्यवस्था में अनावश्यक हस्तक्षेप के गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है। छात्राओं ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास प्रबंधक द्वारा आए दिन उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है, जिससे परिसर का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। शिकायत पत्र में यह गंभीर आरोप भी दर्ज है कि मेस संचालन करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं से प्रतिमाह 10 हजार रुपये कमीशन की मांग की जाती है, जिसके कारण भोजन व्यवस्था को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती है।
छात्राओं ने शिकायत में आशंका जाहिर करते हुए बताया कि हाल ही में उनसे धोखे से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए हैं। उन्हें अंदेशा है कि इन हस्ताक्षरों का उपयोग किसी गलत उद्देश्य के लिए किया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधक की होगी।
शिकायत में छात्रावास वार्डन रीना ताज के सहयोग की सराहना करते हुए छात्राओं ने कहा कि वार्डन का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक रहा है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधक द्वारा वार्डन पर कुछ छात्राओं को अनधिकृत 'नाइट आउट' (रात में बाहर जाने) की अनुमति देने का अनुचित दबाव बनाया गया था, जिसका वार्डन ने कड़ा विरोध किया।
इसके अतिरिक्त छात्राओं ने यह भी रेखांकित किया कि नए छात्रावास अधीक्षक की नियुक्ति होने के बावजूद अब तक उन्हें विधिवत प्रभार नहीं सौंपा गया है। छात्राओं ने जिला प्रशासन से अविलंब संज्ञान लेने, पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने और छात्रावास में भयमुक्त व अनुकूल वातावरण बहाल करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन