हाथी के शावक की मौत : फसल सुरक्षा के लिए खींचा गया था झटका तार, दल की चिंघाड़ से रात भर सहमे रहे ग्रामीण
Rajesh Soni
Thu, Oct 1, 2026
अलकापुरी वन क्षेत्र (कक्ष क्रमांक पी-2027) में बुधवार रात 10 बजे घटी घटना
27 हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा था शावक, वन विभाग ने शुरू की जांच
सरगुजा। उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी जंगल में बुधवार रात फसल सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका तार (करंट प्रवाहित बाड़) की चपेट में आने से एक हाथी के शावक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना अलकापुरी कक्ष क्रमांक पी-2027 से सटे इलाके में रात करीब 10 बजे घटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर क्षेत्र में 27 हाथियों का एक दल पिछले कुछ दिनों से लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों से फसलों को बचाने के उद्देश्य से खेतों के चारों ओर करीब एक किलोमीटर के दायरे में बिजली प्रवाहित झटका तार बिछाया गया था। रात में विचरण के दौरान शावक की सूंड और पैर इस तार में उलझ गए, जिससे तेज करंट की चपेट में आने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस भूमि की घेराबंदी के लिए यह तार लगाया गया था, वह झिरमिटी ग्राम पंचायत के सरपंच चंदन एक्का के परिजनों की बताई जा रही है।
हाथियों के आक्रंदन से अलकापुरी में दहशत का माहौल
शावक की मौत के तत्काल बाद पूरे दल ने चिंघाड़ना शुरू कर दिया। रात भर हाथियों की गूंजती आवाजों से अलकापुरी और आसपास के मोहल्लों में भारी दहशत फैल गई और ग्रामीण भय के साए में जागे रहे।
वन विभाग की कार्रवाई जारी
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ पहुंचे और क्षेत्र को नियंत्रण में लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि झटका तार लगाने की अनुमति और परिस्थितियों की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन