कांटारोली की जनचौपाल से कांग्रेस का ‘एक तीर-दो शिकार’ वाला धारदार दांव : जल-जंगल-जमीन की आंच से गरमाई प्रेमनगर नगर पंचायत की कांटेदार सियासत
Rajesh Soni
Fri, Nov 20, 2026
सूरजपुर। आगामी प्रेमनगर नगर पंचायत चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने ग्राम कांटारोली में विशाल जनचौपाल सजाकर सोची-समझी और आक्रामक सियासी बिसात बिछा दी है। एक ही मंच से पार्टी ने ‘एक तीर से दो निशाने’ साधने की मारक रणनीति चली,जहां एक ओर निर्णायक निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को झकझोरा गया, वहीं दूसरी ओर जल, जंगल, जमीन, तारा कोल ब्लॉक और हसदेव जैसे संवेदनशील व सुलगते मुद्दों पर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय नारे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के साथ अस्मितापूर्ण नारे ‘प्रेमनगर, तारा और कांटारोली बचाओ’ को जोड़कर ग्रामीण-शहरी समीकरण को एक साथ साधने की पूरी ताकत झोंक दी।
‘विष्णु सरकार’ और भाजपा पर दिग्गजों के तल्ख व बेबाक वार
जनचौपाल में कांग्रेस के शीर्ष और क्षेत्रीय दिग्गजों ने सरकार पर तीखे और करारे सियासी हमले बोले। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, पीसीसी चीफ दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की विष्णु सरकार और केंद्र में आदिवासी हितों की अनदेखी हो रही है तथा पेसा कानून व पांचवीं अनुसूची की भावना से खिलवाड़ किया जा रहा है। नेताओं ने एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण), कथित वोट चोरी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया और दो-टूक कहा कि जल-जंगल-जमीन तथा आदिवासियों के हक-हकूक की जुझारू लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।

संगठित शक्ति प्रदर्शन, लोक-रंगीन माहौल और सियासी तालमेल
कांटारोली पहुंचने से पहले तारा चौक पर भव्य स्वागत, बाइक रैली और पारंपरिक शैला-सुआ नृत्य ने पूरे माहौल को लोक-रंगीन और जोशिला बना दिया। डॉ. चरणदास महंत, अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह, मोहन मरकाम और जय सिंह अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। सियासी हलकों में इसे लंबे समय बाद दिखे संगठित और दमदार शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रेमनगर नगर पंचायत चुनाव का कांटेदार सियासी गणित
कांटारोली की यह जनचौपाल महज एक सभा नहीं, बल्कि अगले महीने होने वाले प्रेमनगर नगर पंचायत चुनाव का सियासी रिहर्सल मानी जा रही है। छोटे निकाय चुनावों में जहां जीत-हार का अंतर बेहद नाजुक और मामूली होता है, वहां कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों के साथ ‘अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और सत्ता-विरोधी हवा’ को धार देकर भाजपा की चुनौती को कांटेदार बना दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि जनचौपाल में उमड़ी भीड़ और नेताओं की यह एकजुट ताकत ईवीएम तक पहुंचकर वोटों में बदलती है या भाजपा इस रणनीतिक घेराबंदी की काट निकालती है।
विज्ञापन
विज्ञापन