ब्रेकिंग

पीडब्ल्यूडी सचिव ने सड़क पर उतरकर पकड़ी लापरवाही की नब्ज

बिहारपुर में बैंक का पता नहीं, 40 गांवों के किसान 80 किमी दूर ओड़गी जाने को मजबूर

दो दिन से सूरज गायब, दो दर्जन गांव अंधेरे में! बारिश ने खोली सोलर व्यवस्था की पोल, खेतों में किसानों की मेहनत पर पानी

पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतारा, आरोपी गिरफ्तार

संदिग्ध अवस्था में युवक का शव बरामद, तीन दिनों से था लापता

सूचना

मुख्यमंत्री की घोषणा हवा-हवाई : बिहारपुर में बैंक का पता नहीं, 40 गांवों के किसान 80 किमी दूर ओड़गी जाने को मजबूर

Pappu Jayswal

Sat, Nov 21, 2026

चांदनी बिहारपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की चांदनी बिहारपुर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खोलने की घोषणा को दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बैंक आज भी फाइलों से बाहर नहीं निकल सका है। नतीजा यह है कि 40 गांवों के हजारों किसानों को अपने ही बैंकिंग कामकाज के लिए 60 से 80 किलोमीटर दूर ओड़गी का सफर तय करना पड़ रहा है।

1 अक्टूबर 2024 को सूरजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सियान सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहारपुर में सहकारी बैंक शाखा खोलने का ऐलान किया था। घोषणा के वक्त तालियां तो खूब बजीं, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी न भवन तय हो सका, न अमला आया और न ही शाखा शुरू हो पाई।

धान खरीदी सीजन में बढ़ी परेशानी

क्षेत्र में धान खरीदी का सीजन शुरू होने के साथ किसानों की मुश्किलें और गहरा गई हैं। भुगतान की राशि निकालने, केसीसी बनवाने, ऋण का नवीनीकरण कराने या खाते से जुड़े अन्य कामों के लिए किसानों को लंबा सफर करना पड़ रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि जब धान खरीदी गांव के आसपास हो रही है, तो अपनी ही रकम और लेनदेन के लिए किसानों को इतनी दूर क्यों भटकना पड़ रहा है।

जेब पर बोझ, पूरा दिन बर्बाद

दुर्गम पहाड़ी मार्ग होने के कारण ग्रामीणों को ओड़गी पहुंचने के लिए बसें बदलनी पड़ती हैं या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। एक चक्कर में 300 से 1000 रुपये तक खर्च हो जाते हैं और पूरा दिन सड़क पर निकल जाता है। कई बार लंबी कतार या अन्य कारणों से काम अधूरा रह जाने पर किसानों को बिना काम हुए ही लौटना पड़ता है।

40 गांवों की मांग, जिम्मेदार मौन

महुली, कोल्हुआ, खोहीर, कछवारी, जुडवनिया, रामगढ़, बैजनपाठ, लुल्ह, भुंडा, तेलाईपाठ, रसौकी, उमझर, चौगा, करौटी, खैरा, कछिया, बसनारा, मोहरसोप, ठाड़पाथर, पेंडारी, बेगारीडाड़, अंतिकापुर, नवाटोला, सपहा, कुबेरपुर, खालपारा, उमापुर और पासल सहित करीब 40 गांवों के किसान इस व्यवस्था से प्रभावित हैं।

ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक व महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के समक्ष भी कई बार बैंक खोलने की मांग रखी, लेकिन अब तक ठोस पहल नजर नहीं आई है। केंद्र, प्रदेश और क्षेत्र में भाजपा की सरकार व जनप्रतिनिधि होने के बावजूद घोषणा के अमल में देरी पर अब सवाल उठने लगे हैं।

कब खुलेगा बैंक, कब मिलेगी राहत?

किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सहकारिता विभाग, सूरजपुर कलेक्टर, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज से बिहारपुर में जल्द से जल्द बैंक भवन, स्टाफ और संचालन शुरू करने की मांग की है। दो साल बाद भी घोषणा का पूरा न होना अब सरकारी वादों की साख से जुड़ गया है—किसानों को अब नए आश्वासनों नहीं, बैंक खुलने की तारीख का इंतजार है।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें