खूनी विवाद : पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतारा, आरोपी गिरफ्तार
Subhas Gupta
Sat, Nov 21, 2026
सूरजपुर। सूरजपुर थाना के ग्राम पंचायत तेलसरा में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत तेलसरा निवासी जयकरण लोहार और उसकी पत्नी उर्मिला लोहार ने रात में एक साथ शराब पिये इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। उसी दौरान शराब के नशे में जयकरण ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उर्मिला का गला कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी पति सुबह अपने पड़ोसी के पास पहुंचा और पत्नी को खत्म कर देने की बात बताई। यह सुनकर पड़ोसी और आसपास के ग्रामीण स्तब्ध रह गए। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो वहां उर्मिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी जयकरण लोहार को हिरासत में लेकर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन